शिमला, 25/11/2025 ब्यूरो चीफ विजय समयाल
हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में प्रस्तावित राज्य स्तरीय समारोह केवल औपचारिक आयोजन नहीं, बल्कि राजनीतिक रूप से बेहद अहम अवसर माना जा रहा है। इसी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर मंगलवार को उपायुक्त अपूर्व देवगन की अध्यक्षता में जिला प्रशासन की व्यापक बैठक हुई। सरकार इस समारोह को अपनी उपलब्धियों के बड़े मंच के रूप में देख रही है, ऐसे में प्रशासनिक तैयारियों को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
पड्डल मैदान में होने वाले मुख्य कार्यक्रम के लिए सभी व्यवस्थाओं को तय समय में पूरा करने के निर्देश दिए गए। उपायुक्त ने साफ कहा कि यह कार्यक्रम प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में है और इसकी सफलता कांग्रेस सरकार की तीन वर्षीय उपलब्धियों को जनता के बीच मजबूती से पेश करने का अवसर बनेगी। ऐसे में अधिकारियों को समन्वय और गंभीरता के साथ जिम्मेदारियां निभाने को कहा गया।बैठक में सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित करने हेतु विभागीय प्रदर्शनियां लगाने का फैसला राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण है, क्योंकि कांग्रेस सरकार इस मंच के माध्यम से जनता को अपनी स्कीमों की जमीनी स्थिति दिखाने और उपलब्धियों का व्यापक प्रचार करने की तैयारी में है। परिवहन, पार्किंग, बैठने की व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन जैसे मुद्दों पर भी विस्तृत चर्चा हुई ताकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लाभार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
साफ-सफाई, मोबाइल शौचालय, पीने के पानी और आवश्यक कूड़ेदानों की उपलब्धता को लेकर नगर निगम को निर्देश दिए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस और अन्य एजेंसियों को समन्वित प्रयास करने को कहा गया है, क्योंकि समारोह में बड़ी संख्या में जनता और लाभार्थी भाग लेने की संभावना है।इसके साथ ही कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से सरकार की योजनाओं और एंटी-चिट्टा अभियान का प्रचार-प्रसार करने की रणनीति भी कांग्रेस की राजनीतिक मंशा को दर्शाती है। यह मंच सरकार को अपनी नीतियों और तीन साल के रिपोर्ट कार्ड को जनता के समक्ष पेश करने का सोचा-समझा माध्यम प्रदान करेगा।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त गुरसिमर सिंह, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार, एसडीएम मंडी रुपिंदर कौर, सहायक आयुक्त केएस पटियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।यह समारोह कांग्रेस सरकार के लिए अपनी छवि मजबूत करने, समर्थकों को सक्रिय करने और आगामी राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

