फतेहपुर20-11-2025/न्यूज़ इंडिया आजतक/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
तंबाकू नियंत्रण नियमों को प्रभावी बनाने के लिए फतेहपुर उपमंडल प्रशासन ने सख्त चेतावनी जारी करते हुए विशेष अभियान शुरू कर दिया है। उपमंडल स्तर पर एक निरीक्षण टीम तैनात की गई है, जो बाजारों, बस स्टैंड, मिनी सचिवालय, सार्वजनिक स्थलों और विशेष रूप से अस्पतालों व स्कूल–कॉलेजों के 100 मीटर दायरे में नियमित रूप से निगरानी करेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करते हुए या शिक्षण एवं स्वास्थ्य संस्थानों के आसपास तंबाकू उत्पाद बेचते हुए कोई भी व्यक्ति पकड़ा गया तो उसका मौके पर ही चालान किया जाएगा। अधिकारियों के अनुसार जागरूकता अभियान चलाए जाने के बावजूद कई लोग नियमों का उल्लंघन करते पाए गए हैं, जिसके चलते प्रशासन ने अब कार्रवाई को और कड़ा किया है।
खण्ड चिकित्सा अधिकारी फतेहपुर, डॉ. रीचा महरोत्रा ने कहा कि क्षेत्र को तंबाकू मुक्त बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान शुरू किया गया है। उन्होंने कहा, “अस्पताल और शिक्षण संस्थानों के निकट तंबाकू सेवन और बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है। कोई भी दुकानदार या व्यक्ति नियम तोड़ता पाया गया तो तत्काल जुर्माना लगाया जाएगा। लोगों से अपील है कि वे स्वास्थ्य की दृष्टि से इन नियमों का पालन करें।”
प्रशासन ने आम जनता से भी सहयोग की अपील की है और कहा है कि क्षेत्र में धूम्रपान मुक्त वातावरण बनाए रखने के लिए अवैध बिक्री की सूचना तुरंत स्थानीय अधिकारियों को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

