फतेहपुर (Shimla)/20/11/2025?न्यूज़ इंडिया आजतक। राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल

संगठनात्मक जिला नूरपुर के अंतर्गत फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में रविवार को भाजपा संयुक्त मोर्चा सम्मेलन का भव्य आयोजन रैहन स्थित एक निजी पैलेस में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने की, जबकि विशेष अतिथि के रूप में भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश काका मौजूद रहे। यह सम्मेलन राजा तलाब और फतेहपुर मंडलों के विभिन्न मोर्चों द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया।जानकारी के अनुसार, आगामी दिनों में फतेहपुर भाजपा मंडल का एक अलग कार्यक्रम भी प्रस्तावित था, लेकिन युवा मोर्चा महामंत्री सहित दो युवकों की हालिया सड़क दुर्घटना में मृत्यु के कारण उसे फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सम्मेलन में जिला महिला मोर्चा अध्यक्षा सुमन देवी, ओबीसी प्रकोष्ठ के जिला प्रभारी रविंद्र चौधरी, जिला कोषाध्यक्ष पुनित महाजन, दोनों मंडलों के मंडलाध्यक्षों सहित विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

गारन से रैहन तक निकली विशाल रैली
सम्मेलन से पूर्व गारन से रैहन तक एक प्रभावशाली रैली निकाली गई, जिसमें युवाओं ने बड़ी संख्या में भाग लेकर शक्ति प्रदर्शन किया। रैली के पश्चात रैहन के निजी पैलेस में सम्मेलन की कार्यवाही प्रारंभ हुई। इस दौरान पूर्व मंत्री राकेश पठानिया, जिला अध्यक्ष राजेश काका एवं मोर्चों के पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी चुनावी रणनीति, संगठन की भूमिका और केंद्र सरकार की नीतियों पर विस्तार से चर्चा की।
“फतेहपुर का 20 साल का सूखा इस बार खत्म होगा” — राकेश पठानिया
अपने संबोधन में पूर्व मंत्री राकेश पठानिया ने कहा कि “फतेहपुर विधानसभा पिछले दो दशकों से भाजपा की जीत से वंचित है, लेकिन इस बार सूखा समाप्त होगा और भाजपा ऐतिहासिक जीत दर्ज करेगी।” उन्होंने कहा कि क्षेत्र में वर्षों से चली आ रही ‘तेरी-मेरी’ की प्रवृत्ति ने भाजपा को नुकसान पहुंचाया है, लेकिन अब संगठन एकजुट हो चुका है और मजबूत तरीके से आगे बढ़ रहा है।

पठानिया ने प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर भी तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को 1500 रुपये प्रतिमाह, दूध-गोबर खरीद, रोजगार सहित कांग्रेस की सभी गारंटियाँ सिर्फ खोखले वादे साबित हुई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि डिज़ास्टर एक्ट के नाम पर सरकार जनता पर अनावश्यक बोझ डाल रही है और प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार बिगड़ रही है।सम्मेलन के अंत में कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए सक्रिय योगदान देने का संकल्प दोहराया।

