
कोटला, 15 नवंबर2025/न्यूज़ इंडिया आजतक /संपादक राम प्रकाश वत्स

राजकीय आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कोटला में जनजातीय गौरव दिवस आज बड़े उत्साह और सम्मान के साथ मनाया गया। विद्यालय परिसर सुबह से ही देशभक्ति और सांस्कृतिक वातावरण से गूंजता रहा।जिसमें विद्यार्थियों ने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती को समर्पित विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य श्रीमती बबीता सहौतरा ने की। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर समस्त विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय परिवार को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि बिरसा मुंडा केवल एक जननायक ही नहीं, बल्कि आदिवासी संस्कृति, स्वाभिमान और स्वतंत्रता संग्राम के महान प्रतीक थे। उनका जीवन संघर्ष युवाओं को राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की शुरुआत भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इसके बाद छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं, जिनमें विशेष रूप से बिरसा मुंडा की वीरता, जनजागरण और बलिदान को दर्शाते गीत और नृत्य शामिल रहे। छात्राओं ने मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत कर दर्शकों का मन जीत लिया।

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण विद्यालय स्तर पर आयोजित भाषण प्रतियोगिता रही, जिसमें विद्यार्थियों ने आदिवासी समाज के गौरव, बिरसा मुंडा के जीवन-आदर्श और उनकी स्वतंत्रता संग्राम में भूमिका पर प्रभावी विचार व्यक्त किए। बच्चों की प्रस्तुतियों में इतिहास के प्रति जिज्ञासा और राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट दिखाई दी।

विद्यालय के शिक्षकों ने भी अपने संबोधन में कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक समारोह नहीं, बल्कि देश की विविध सांस्कृतिक विरासत और उन महापुरुषों को स्मरण करने का अवसर है जिन्होंने समाज को नई दिशा दी।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए और सभी विद्यार्थियों को बिरसा मुंडा के जीवन से प्रेरणा लेने का संदेश दिया। पूरे दिन आयोजित कार्यक्रमों ने विद्यालय में उत्साह, ऊर्जा और सांस्कृतिक समृद्धि का वातावरण बनाए रखा।

Culture program of students through camera view By Ram Parkash










