नई दिल्ली, 1 नवंबर2025( संपादन न्यूज़ इंडिया आजतक डाट काम संपादक राम प्रकाश वत्स)
केंद्रीय नागर विमानन मंत्री श्री राममोहन नायडू ने शनिवार को नई दिल्ली स्थित उड़ान भवन में नव-स्थापित क्रेच सुविधा का उद्घाटन किया। यह पहल मंत्रालय द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के पांचवें चरण के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण कर्मचारी-केंद्रित कदम है, जिसका उद्देश्य कार्यस्थल को अधिक समावेशी, सहयोगी और परिवार-अनुकूल बनाना है।

उद्घाटन समारोह में बच्चों ने केंद्रीय मंत्री का फूलों से स्वागत किया। श्री नायडू ने क्रेच की सुविधाओं, उपकरणों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का अवलोकन किया तथा अभिभावकों और बच्चों से बातचीत की। इस अवसर पर उन्होंने बच्चों को खिलौने और चॉकलेट भी वितरित किए।
यह क्रेच छह महीने से छह वर्ष तक के बच्चों की देखभाल के लिए सुसज्जित है, जिसमें विकास निगरानी, पोषण, खेल, स्कूल-पूर्व शिक्षा और प्राथमिक चिकित्सा जैसी सुविधाएँ उपलब्ध हैं। परिसर को आकर्षक और प्रेरक वातावरण प्रदान करने के साथ-साथ सीसीटीवी कवरेज और अन्य सुरक्षा उपायों से लैस किया गया है।

यह सुविधा नागर विमानन मंत्रालय तथा उसके संबद्ध और अधीनस्थ कार्यालयों — एएआई, डीजीसीए, बीसीएएस, एएआईबी और एईआरए — के कर्मचारियों को लाभान्वित करेगी। इससे कर्मचारी अपने कार्य और परिवार की ज़िम्मेदारियों में संतुलन स्थापित कर सकेंगे।

मंत्रालय का यह कदम न केवल कर्मचारी कल्याण की दिशा में एक नई मिसाल पेश करता है, बल्कि सरकारी परिसरों के अप्रयुक्त स्थानों के उत्पादक उपयोग और कार्य दक्षता में वृद्धि की दिशा में भी एक सराहनीय पहल है।

