महमूदाबाद सीतापुर /28:10:2025/प्रदेश चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन
नगर में सोमवार शाम बिलौली बाजार रोड पर उस समय हड़कंप मच गया जब अज्ञात बाइक सवारों ने एक महिला से मोबाइल फोन छीन लिया और कुछ ही देर में उसके खाते से ₹92,815 रुपये का ऑनलाइन ट्रांजैक्शन कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पचदेवरी, बिलौली बाजार निवासी प्रज्ञा श्रीवास्तव सोमवार शाम करीब 6:30 बजे महमूदाबाद से ई-रिक्शा द्वारा अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान तीन अज्ञात बाइक सवार युवक अचानक आए और उनका मोबाइल फोन झपटकर फरार हो गए।
मोबाइल छीने जाने के थोड़ी देर बाद ही प्रज्ञा के बैंक खाते से यूपीआई ऐप के माध्यम से ₹92,815 की रकम निकाल ली गई।
पीड़िता के अनुसार, घटना से कुछ समय पहले वह एसबीआई बैंक शाखा महमूदाबाद गई थीं, जहां उन्होंने योनो ऐप के जरिए नया यूपीआई पिन जनरेट किया था। बैंक से निकलने के बाद घर लौटते समय ही यह वारदात हुई।
घटना की सूचना मिलते ही प्रज्ञा श्रीवास्तव ने महमूदाबाद कोतवाली में तहरीर दी, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।सूत्रों के अनुसार, पुलिस बैंक और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल ही में क्षेत्र में हुई एक अन्य लूट की घटना का खुलासा पुलिस ने किया ही था कि अब यह नई वारदात सामने आ गई, जिससे लोगों में दहशत का माहौल है।

