महमूदाबाद (सीतापुर)21/10/2025:Anuj Kumar Jain
ग्रामीण क्षेत्रों में भी दीपों की झिलमिलाहट और आतिशबाज़ी ने रात को दिन जैसा उजला बना दिया

नगर महमूदाबाद में इस वर्ष दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और उमंग के साथ मनाया गया। रविवार की शाम से ही नगर की गलियों, बाजारों और घरों में दीपों की पंक्तियाँ सज गईं। हर ओर रंग-बिरंगी रोशनी और सजावट का मनमोहक नज़ारा देखने को मिला।
मुख्य बाजार, रोडवेज बस अड्डा, रामकुंड चौराहा, अमीरगंज रोड व नगर पंचायत परिसर में साज-सज्जा के विशेष इंतज़ाम किए गए थे। दुकानदारों ने अपने प्रतिष्ठानों को रंगीन लाइटों, फूलों और दीयों से सजाया। बच्चों ने पटाखे जलाकर पर्व का आनंद लिया, वहीं युवाओं ने सोशल मीडिया पर दीपावली की शुभकामनाएँ साझा कीं।

लक्ष्मी पूजन के लिए लोगों ने शाम के समय अपने घरों और दुकानों में पूजा-अर्चना की। घर-घर में माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की आराधना के साथ समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।पुलिस प्रशासन की ओर से नगर के मुख्य मार्गों पर सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए थे। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए पुलिस बल तैनात रहा।

