शिमला14 /10/2025 (चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल): हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनाव तय समय पर ही संपन्न होंगे। इस बात की पुष्टि ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने की। हाल ही में कुछ अटकलें उड़ी थीं कि लेकिन मंत्री ने स्पष्ट किया कि ऐसी कोई योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव 23 जनवरी से पहले ही होंगे और पिछले वर्षों के अनुभव अनुसार जनवरी के पहले सप्ताह में भी चुनाव कराए जा चुके हैं।मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने आपदा और प्राकृतिक परिस्थितियों को देखते हुए मुख्य सचिव के माध्यम से अधिसूचना जारी की है। इस अधिसूचना में कहीं भी यह उल्लेख नहीं है कि चुनाव स्थगित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने चुनाव प्रक्रिया को समय पर आयोजित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां शुरू कर दी हैं।
मीडिया से बातचीत में अनिरुद्ध सिंह ने भाजपा की हालिया बयानबाज़ी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए इस मामले को मुद्दा बना रहा है। उनका कहना था कि भाजपा नेताओं के पास आजकल कोई ठोस काम नहीं है और वे वैले बैठे हैं, इसलिए इस तरह के बयान देकर जनता को भ्रमित करने का प्रयास कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि चुनाव समय पर होने के संबंध में राज्य सरकार पूरी तरह से सजग और प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासन और निर्वाचन आयोग की ओर से चुनाव संपन्न कराने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और जनता को कोई चिंता करने की आवश्यकता नहीं है।
प्रियंका गांधी के शिमला दौरे को लेकर भाजपा द्वारा की जा रही बयानबाज़ी पर भी अनिरुद्ध सिंह ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कोई वास्तविक मुद्दा नहीं है और ऐसे बयान केवल राजनीतिक प्रचार का हिस्सा हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का शिमला आगमन किसी राजनीतिक रैली के लिए नहीं था। उन्होंने बताया कि सोनिया और प्रियंका गांधी सोमवार को शिमला में पूर्व मुख्यमंत्री स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा अनावरण करने पहुंचीं। यह कार्यक्रम केवल श्रद्धांजलि देने का था और इसमें किसी तरह का राजनीतिक संदेश या चुनावी उद्देश्य नहीं था। उन्होंने कहा कि विपक्ष इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रहा है, जबकि वास्तविक उद्देश्य सम्मान और श्रद्धांजलि ही था।
अंत में मंत्री ने जनता से अपील की कि वे ऐसी अफवाहों और अटकलों पर ध्यान न दें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में पंचायत चुनाव समय पर ही होंगे और प्रशासन द्वारा चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

