शिमला/11/10/2025/राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
हिमाचल प्रदेश सचिवालय का अफसर बनकर हाईकोर्ट में नौकरी दिलाने का झांसा देने वाले शख्स ने ठियोग निवासी एक व्यक्ति से ₹1.20 लाख की ठगी कर ली। आरोपी ने खुद को सचिवालय में शाखा प्रमुख बताया और शिकायतकर्ता से उसके भाई को माली (गार्डनर) की नौकरी लगवाने के नाम पर रकम ली।
शिकायतकर्ता वीरेंद्र चौहान के अनुसार, आरोपी देव कुमार ने ₹3 लाख की डील तय की थी — जिसमें आधी रकम अग्रिम और शेष नियुक्ति पत्र मिलने पर देनी थी। काफी समय बीत जाने पर भी न नौकरी मिली, न पैसा लौटा।
शिकायत मिलने पर छोटा शिमला थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) और 336(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी रोहड़ू उपमंडल का निवासी बताया गया है। पुलिस ने कहा है कि मामला गंभीर है और नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

