Reading: नवरात्र पर छात्रा बनी एक दिन की कोतवाल, फरियादियों की सुनी समस्याएँ

नवरात्र पर छात्रा बनी एक दिन की कोतवाल, फरियादियों की सुनी समस्याएँ

RamParkash Vats
2 Min Read

महमूदाबाद/रामपुर मथुरा, सीतापुर,राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन

नवरात्र के मौके पर नारी सशक्तीकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मंशानुरूप सोमवार को रामपुर मथुरा थाने की कमान एक छात्रा को सौंपी गई।महेंद्र शास्त्री मेमोरियल इंटर कालेज की कक्षा 12 की छात्रा गरिमा ने एक दिन के लिए प्रभारी निरीक्षक का दायित्व संभाला। इस दौरान उन्होंने थाने पर आए फरियादियों की समस्याओं को सुना और निस्तारण के निर्देश दिए।

सीओ वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री महिलाओं को सक्षम और निडर बनाने के लिए लगातार नए-नए कार्यक्रम चला रहे हैं। इसी क्रम में छात्राओं को पुलिस की कार्यप्रणाली से परिचित कराया गया।कोतवाल संजय पांडेय ने महिला हेल्प डेस्क, कंप्यूटर कक्ष, हवालात, कार्यालय, मालखाना और शस्त्र रखरखाव का निरीक्षण छात्रा को कराया।

महिला आरक्षी पूनम ने छात्राओं को महिला हेल्प डेस्क की भूमिका और कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं महिला आरक्षी प्रीति, कंचन और शैल्या ने छात्राओं को महिला संबंधी अपराधों की त्वरित मदद के लिए 1090, 181, 102, 108 नंबरों पर कॉल करने की सलाह दी और आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता की पहचान गुप्त रखी जाएगी।इस दौरान प्रभारी निरीक्षक ने फरियादियों के थाने आने से लेकर उनकी शिकायत पर की जाने वाली कार्रवाई की प्रक्रिया भी छात्राओं को समझाई।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!