सीतापुर/महमूदाबाद27/09/2025/राज्य चीफ ब्यूरो-अनुज कुमार जैन

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) कार्यालय में 23 सितम्बर को हुए प्रधानाध्यापक बृजेंद्र कुमार वर्मा और बीएसए के बीच विवाद व मारपीट की घटना को लेकर जिले के शिक्षक समाज में आक्रोश व्याप्त है। इसी को लेकर शनिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष व उच्च स्तरीय जांच तथा आवश्यक कार्यवाही की मांग की।
ज्ञापन में कहा गया कि नदवा प्राथमिक विद्यालय महमूदाबाद के प्रधानाध्यापक बृजेंद्र कुमार वर्मा पर झूठे आरोप लगाकर गंभीर धाराओं में जेल भेजा गया है। विद्यालय के अन्य दो शिक्षकों को भी निलंबित कर दिया गया है, जिससे विद्यालय बंद हो गया और 91 छात्र-छात्राएं शिक्षा से वंचित हो गए हैं।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें
- निलंबित सहायक अध्यापक संतोष कुमार वर्मा को सबेतन बहाल किया जाए।
- प्रधानाध्यापक बृजेंद्र वर्मा पर लगी झूठी व गंभीर धाराओं को हटाया जाए ताकि उनकी जमानत हो सके।
- घटना के समय का मेडिकल परीक्षण कराया जाए।
- कार्यालय में लगे CCTV कैमरों की फुटेज निकालकर पिटाई करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए।
- सोशल मीडिया पर शिक्षक समाज की छवि धूमिल करने वालों की भी जांच व कार्यवाही की जाए।

डीएम व एसपी का आश्वासन
ज्ञापन पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि –
प्रधानाध्यापक पर लगाए गए जानलेवा हमले की धारा हटाई जाएगी।
निलंबित शिक्षक संतोष वर्मा की बहाली जल्द की जाएगी।
घटना का पूरा CCTV फुटेज हासिल किया जाएगा।
प्रधानाध्यापक को पीटने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई होगी।
इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष रवींद्र दीक्षित, जिला मंत्री हंसराज वर्मा, महमूदाबाद मंत्री ज्ञानेश मिश्र व उमेश वर्मा सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे।

