Reading: सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज की अध्यक्षता में उपमंडल स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक आयोजित

RamParkash Vats
4 Min Read

केंद्र प्रायोजित योजनाओं,सांसद व विधायक निधि के कार्यों को शीघ्र पूरा करने के दिए निर्देश

नूरपुर, 26 सितम्बर 2025, चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल

कांगड़ा-चम्बा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने आज संयुक्त कार्यालय के सभागार में उपमंडल स्तरीय विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में नूरपुर के विधायक रणवीर सिंह निक्का भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक में नूरपुर उपमंडल के अंतर्गत केंद्र प्रायोजित योजनाओं, सांसद निधि और विधायक निधि से चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई तथा आगामी कार्यों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।


सांसद डॉ. भारद्वाज ने बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि आगामी पंचायती चुनावों से पूर्व आचार संहिता लागू होने से पहले सभी स्वीकृत कार्यों की औपचारिकताएँ शीघ्र पूरी कर निर्माण कार्य आरम्भ किए जाएँ। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया कि सांसद व विधायक निधि से स्वीकृत कार्यों को आगामी 10 दिनों के भीतर प्रारम्भ किया जाए। साथ ही एसडीएम को इन कार्यों की नियमित समीक्षा के निर्देश दिए।
जल शक्ति विभाग की समीक्षा के दौरान सांसद ने निर्देश दिए कि सांसद निधि से स्वीकृत हैंडपंप इंस्टॉलेशन कार्य अगले वर्ष जून माह में ही किए जाएँ, ताकि गर्मी के मौसम में भूमिगत जलस्तर का सही आकलन कर उपयुक्त स्थान का चयन किया जा सके। उन्होंने बताया कि हाल ही में नूरपुर शहर में पानी की गंभीर समस्या उत्पन्न हुई थी, जिसके समाधान हेतु विधायक रणवीर निक्का ने अपनी निधि से 2 बोरवेल कराए हैं। सांसद ने विभाग को निर्देश दिए कि शीघ्र इन बोरवेल में मोटर लगाकर पाइप को मुख्य टैंक से जोड़ा जाए ताकि भविष्य में पानी की समस्या न आए।


बैठक में विद्युत ढाँचे को मजबूत बनाने वाली आरडीएसएस योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सांसद ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत पुराने ट्रांसफार्मरों और तारों का नवीनीकरण, नई लाइनों का निर्माण तथा स्मार्ट मीटरिंग को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि नूरपुर उपमंडल में अब तक 28 में से 25 ट्रांसफार्मर अपग्रेड किए जा चुके हैं।
सांसद ने बताया कि हिमाचल जैसे छोटे से प्रदेश को फोर लेन प्रोजेक्ट मिले हैं, जो प्रदेश की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि पठानकोट-मंडी फोर लेन के कंडवाल से भेड़खड्ड खंड में कार्य पहले धीमी गति से चल रहा था, जिससे लोगों को कठिनाइयाँ झेलनी पड़ीं। अब इस कार्य को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है और 15 नवम्बर तक कंडवाल से बौड़ तक का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। सांसद ने निर्माण कंपनी के अधिकारियों को सड़क की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि वे अपने संसदीय क्षेत्र के सभी उपमंडलों में इस तरह की बैठकें कर रहे हैं, ताकि केंद्र प्रायोजित योजनाओं तथा सांसद निधि के कार्यों की समीक्षा की जा सके और आ रही समस्याओं का समाधान किया जा सके।
उन्होंने कहा कि नूरपुर उपमंडल में प्रायोजित योजनाओं, सांसद निधि और विधायक निधि के तहत विकास कार्य अधिकारीगण बेहतर ढंग से कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का लक्ष्य है कि अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे और इसके लिए अधिकारीगण सराहनीय कार्य कर रहे हैं।
बैठक में एसडीएम अरुण शर्मा, विद्युत बोर्ड से अधिशासी अभियंता विकास ठाकुर, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता दीपक महाजन, नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी आर.एस. वर्मा, सहायक अभियंता राजेश चौधरी, बीडीओ अशोक शर्मा जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता मोहिंदर सिंह तथा रेल विकास निगम लिमिटेड के सीनियर डीजीएम तुषार गोयल, नगर परिषद के अध्यक्ष अशोक शर्मा तथा उपाध्यक्ष रजनी महाजन उपस्थित रहे।
-0-

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!