शिमला/चंडीगढ़/21/09/2025, राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल
हिमाचल प्रदेश सरकार के लोक निर्माण मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के पुत्र विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को चंडीगढ़ में सिख रीति-रिवाजों के अनुसार डॉ. अमरीन कौर से विवाह किया। यह विवाह चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित गुरुद्वारे में सादगीपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें दोनों परिवारों के चुनिंदा सदस्य और नजदीकी मित्र ही शामिल हुए।

सुबह करीब 11 बजे विवाह की रस्में शुरू हुईं, जो एक घंटे के भीतर पूरी हो गईं। गुरुद्वारे में आनंद कारज की रस्म के तहत दूल्हा-दुल्हन ने चार लावां फेरे लिए। इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह पारंपरिक शेरवानी में नजर आए, जबकि अमरीन कौर ने सुंदर लहंगा पहना था।

शादी के बाद नवविवाहित जोड़ा चंडीगढ़ स्थित एक निजी होटल “द ललित” पहुंचा, जहां लंच के बाद वे शिमला के लिए रवाना हो गए। शिमला स्थित उनके पारिवारिक आवास ‘होलीलॉज’ में सोमवार शाम वधू प्रवेश की रस्म अदा की गई। इस मौके पर होलीलॉज को आकर्षक तरीके से सजाया गया था।

निजी रिश्ते से शादी तक का सफर
विक्रमादित्य सिंह और डॉ. अमरीन कौर का रिश्ता कोई नया नहीं है। बताया जा रहा है कि दोनों की मुलाकात करीब 8-9 साल पहले चंडीगढ़ में हुई थी। उस समय विक्रमादित्य राजनीति में सक्रिय नहीं थे और अमरीन पंजाब यूनिवर्सिटी से जुड़ी हुई थीं। धीरे-धीरे यह दोस्ती गहरे रिश्ते में बदली और अब दोनों ने अपने संबंध को विवाह में परिणत कर लिया है।डॉ. अमरीन कौर पंजाब यूनिवर्सिटी, चंडीगढ़ में साइकोलॉजी की असिस्टेंट प्रोफेसर हैं। वह सरदार जोतिंद्र सिंह सेखों और ओपिंद्र कौर की बेटी हैं।

विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी
यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी है। इससे पहले उन्होंने 8 मार्च 2019 को राजस्थान के मेवाड़ राजघराने की राजकुमारी सुदर्शना सिंह से विवाह किया था, लेकिन 2022 में दोनों का तलाक हो गया।

24 सितंबर को होगा रिसेप्शन
शादी में केवल करीबी लोग शामिल हुए, लेकिन नवविवाहित जोड़े के लिए 24 सितंबर को शिमला के होटल मरीना में भव्य रिसेप्शन आयोजित किया जाएगा। इसमें हिमाचल सरकार के मंत्री, अधिकारी, अन्य राजनीतिक हस्तियां और गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।
राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश की राजनीति का एक चर्चित नाम हैं। वह छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। वर्तमान में वह शिमला ग्रामीण से विधायक हैं और राज्य सरकार में लोक निर्माण मंत्री के रूप में कार्यरत हैं। उनकी माता प्रतिभा सिंह कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष रह चुकी हैं और सांसद भी रही हैं।

