Reading: संपादकीय मंथन, विश्लेषण और चिंतन 👉कंगना रनौत की सियासी पारी – हिमाचल में बढ़ती हलचल

संपादकीय मंथन, विश्लेषण और चिंतन 👉कंगना रनौत की सियासी पारी – हिमाचल में बढ़ती हलचल

RamParkash Vats
4 Min Read

हिमाचल प्रदेश की राजनीति इन दिनों बॉलीवुड की लोकप्रिय अभिनेत्री और मंडी से भाजपा सांसद कंगना रनौत के ताज़ा बयान से गरमा गई है। कंगना ने महायज्ञ के मंच से इशारों-इशारों में मुख्यमंत्री पद की दावेदारी जता दी। यह बयान सिर्फ़ एक व्यक्तिगत आकांक्षा नहीं, बल्कि राज्य की राजनीति में हलचल मचाने वाला संदेश है।

दरअसल, कंगना रनौत का राजनीति में पदार्पण जिस दिन हुआ, उसी दिन से यह साफ हो गया था कि उनका अंदाज़ परंपरागत नेताओं से भिन्न रहेगा। वे बेबाकी से अपनी बात कहती हैं और विवादों से घिरने से भी नहीं झिझकतीं। यही कारण है कि अब जब उन्होंने सत्ता की गद्दी की ओर संकेत किया है, तो भाजपा के भीतर हलचल स्वाभाविक है।

भाजपा का स्थापित नियम है कि चुनावों के बाद ही मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर मुहर लगाई जाती है। ऐसे में कंगना का सार्वजनिक रूप से मुख्यमंत्री बनने की इच्छा जताना न केवल संगठन की परंपरा से भिन्न है, बल्कि मौजूदा नेतृत्व के लिए भी असहज स्थिति पैदा करने वाला है। विशेषकर तब, जब मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मौजूद थे। सियासी हलकों में इसे सीधी चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

दूसरी ओर, कांग्रेस को बिना किसी अतिरिक्त प्रयास के नया राजनीतिक मुद्दा मिल गया है। विपक्ष इसे भाजपा की अंदरूनी खींचतान और असंतोष के रूप में जनता के सामने रखने में देर नहीं करेगा। यह स्पष्ट है कि भाजपा के धुरंधरों में नई समीकरणों की सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है।

कंगना रनौत का आत्मविश्वास कोई नई बात नहीं। वे पहले भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाले केंद्रीय मंत्रिमंडल में शामिल होने की इच्छा जता चुकी हैं। अब मुख्यमंत्री पद की दावेदारी कर उन्होंने हिमाचल की राजनीति को नई दिशा में धकेल दिया है। सवाल यह है कि क्या कंगना का यह कदम जनता के बीच लोकप्रियता और पार्टी संगठन की कसौटी पर खरा उतरेगा या यह महज़ एक और विवाद का विषय बनकर रह जाएगा?

फिलहाल इतना तय है कि कंगना ने हिमाचल की सियासत में वह चिंगारी जलाई है, जिसकी लपटें आने वाले चुनावों तक दिखाई देती रहेंगी। भाजपा के लिए यह चुनौती दोहरी है—एक ओर जनता को साधना और दूसरी ओर अपने ही नेताओं की महत्वाकांक्षाओं को संतुलित करना।

कंगना रनौत ने हिमाचल की राजनीति में नया पन्ना तो खोल दिया है, पर यह पन्ना भविष्य के सुनहरे अध्याय का होगा या आंतरिक कलह की पटकथा का, यह आने वाला समय ही बताएगा।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!