HEADLINES
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने मणिपुर के इम्फाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया
मणिपुर भारत माता के शिखर पर सुशोभित मुकुट रत्न है: प्रधानमंत्री
हमें मणिपुर को निरंतर शांति और विकास के पथ पर आगे ले जाना जारी रखना चाहिए: प्रधानमंत्री
नेताजी सुभाष ने मणिपुर को भारत की स्वतंत्रता का प्रवेश द्वार कहा था, इस धरती ने कई वीर शहीद दिए हैं। हमारी सरकार, मणिपुर के ऐसे प्रत्येक महान व्यक्तित्व से प्रेरणा लेते हुए आगे बढ़ रही है: प्रधानमंत्री
सरकार मणिपुर में शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए काम कर रही है: प्रधानमंत्री
मैं आज नेपाल में अंतरिम सरकार के प्रधानमंत्री का पदभार ग्रहण करने पर श्रीमती सुशीला जी को हार्दिक बधाई देता हूँ। मुझे 140 करोड़ भारतीयों की ओर से विश्वास है कि वह नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी: प्रधानमंत्री
मणिपुर में अपार क्षमता है और हमें पहाड़ियों और घाटी के बीच सद्भाव का एक मजबूत सेतु बनाने के लिए संवाद को निरंतर मजबूत करना चाहिए: प्रधानमंत्री
दिल्ली, 13 सितम्बर 2025 न्यूज़ इंडिया आजतक संपादन राम प्रकाश वत्स

इम्फाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को मणिपुर की राजधानी इम्फाल में 1,200 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि ये परियोजनाएँ न केवल राज्य के बुनियादी ढाँचे को मज़बूत करेंगी बल्कि युवाओं के लिए रोज़गार के नए अवसर भी पैदा करेंगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि आज शुरू की गई परियोजनाओं में ‘मणिपुर शहरी सड़क परियोजना’ (₹3,600 करोड़ निवेश) और ‘मणिपुर इन्फोटेक विकास परियोजना’ (₹500 करोड़ निवेश) विशेष रूप से अहम हैं। उन्होंने इम्फाल को “संभावनाओं का शहर” बताते हुए कहा कि स्मार्ट सिटी मिशन के तहत शहर में कई आधुनिक योजनाएँ पूरी हो चुकी हैं और कई पर तेज़ी से काम चल रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर का यह राज्य अब नए विकास चरण में प्रवेश कर रहा है। सड़क संपर्क, राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण और आईटी क्षेत्र में निवेश से मणिपुर उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर है। प्रधानमंत्री ने नए सिविल सचिवालय, आईटी विशेष आर्थिक क्षेत्र, पुलिस मुख्यालय और दिल्ली व कोलकाता में मणिपुर भवनों के निर्माण को ऐतिहासिक कदम बताया।
महिला सशक्तिकरण को विकास का आधार बताते हुए उन्होंने ‘इमा कीथेल’ की परंपरा का उल्लेख किया और बताया कि आज चार नए ‘इमा मार्केट’ का उद्घाटन किया गया है। उन्होंने इसे मणिपुर की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि हाल के वर्षों में सरकार ने मणिपुर की पुरानी कठिनाइयों को दूर किया है। जीएसटी में कटौती से रोज़मर्रा की वस्तुएँ और सस्ती हुई हैं जिससे आम लोगों को राहत मिली है। उन्होंने कहा कि यह कदम पर्यटन, व्यापार और रोज़गार को भी बढ़ावा देगा।
उन्होंने मणिपुर के खेल योगदान का उल्लेख करते हुए कहा कि “मणिपुरी संस्कृति के बिना भारतीय संस्कृति अधूरी है और मणिपुर के खिलाड़ियों के बिना भारतीय खेल अधूरे हैं।” उन्होंने खेलो इंडिया योजना, राष्ट्रीय खेल विश्वविद्यालय और मार्जिंग पोलो कॉम्प्लेक्स जैसी योजनाओं को युवाओं के लिए वरदान बताया।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला जी को बधाई भी दी और दोनों देशों के रिश्तों को गहराई देने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने मणिपुर के समृद्ध सांस्कृतिक और ऐतिहासिक योगदान को याद करते हुए कहा कि “मणिपुर भारत माता के मुकुट में जड़ा हीरा है।”
प्रधानमंत्री ने अंत में कहा कि 21वीं सदी भारत और पूर्वोत्तर की है और मणिपुर को विकास के केंद्र के रूप में स्थापित करना केंद्र सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस अवसर पर मणिपुर के राज्यपाल अजय कुमार भल्ला सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

