Jawali News India Aaj Tak,11/09/2025 ,Dr N K Sharma
जवाली। बच्चों में हस्तलेखन सुधार के लिए पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जवाली में वीरवार को कक्षा छठी से आठवीं तक के 50 बच्चों को निब वाले पेन वितरित किए गए। बच्चों में निब वाली लेखनी वितरित करने का मूल उद्देश्य लिखावट में सुधार लाना और बच्चों को लिखने के प्रति रूचि पैदा करना है। स्कूल में शुरू की गई इस नई पहल को लेकर प्रधानाचार्य प्रभात चंद्र पावा ने कहा कि मौजूदा समय में हर इंसान की लिखने की आदत घटती जा रही है और इसका असर हमारी लिखावट पर पड़ रहा है, लिहाजा इसके लिए हमें अपने लिखने के क्रम में निरंतरता बनाई रखनी होगी।
प्रधानाचार्य प्रभात चंद्र पावा का कहना है कि आजकल हर काम कंप्यूटरयुक्त हो रहा है और विद्यार्थी भी ज्यादातर ऑनलाइन मोड या फोटोस्टेट युक्त पेपरों का इस्तेमाल कर अपना अध्ययन करते हैं। उन्होंने स्वयं बच्चों की कापियां चेक कीं तो इस बात का खुलासा हुआ कि बच्चे लिखने का ज्ञान और अपनी लिखावट खो रहे हैं। उन्होंने इस बाबत अपने स्कूल स्टाफ से गहन मंत्रणा कर यह निर्णय लिया कि स्कूल के सभी बच्चे अब स्याही वाले पेन का इस्तेमाल करेंगे। प्रधानाचार्य स्वयं स्कूल के बच्चों की कापियां भी चेक करेंगे कि उनकी लिखावट में सुधार हुआ है या नहीं। प्रधानाचार्य प्रभात चंद्र पावा ने बताया कि दूसरे चरण में कक्षा नवमी से बारहवीं तक के बच्चों को भी निब वाले पेन वितरित किए जाएंगे। उन्होंने अभिभावकों से भी आह्वान किया है कि वे बच्चों को लेखन कार्य के प्रति प्रेरित करें और उनके अध्ययन में लिखावट का विशेष ध्यान रखें।

