Reading: हिमाचल सरकार का सराहनीय कदम: युवाओं को रोजगार देने के लिए लागू हुई “पशु मित्र नीति-2025”

हिमाचल सरकार का सराहनीय कदम: युवाओं को रोजगार देने के लिए लागू हुई “पशु मित्र नीति-2025”

RamParkash Vats
2 Min Read
  1. कैबिनेट ने दी मंजूरी: प्रदेश में 500 पशु मित्रों की होगी भर्ती, युवाओं को मिलेगा नया अवसर

शिमला 24 अगस्त 2025, न्यूज़ इंडिया आजतक, सूत्र: हिमाचल प्रदेश सरकार ने युवाओं को रोजगार उपलब्ध करवाने और पशुपालन विभाग को मजबूत करने की दिशा में सराहनीय कदम उठाया है। सरकार ने प्रदेश में “पशु मित्र नीति-2025” लागू करते हुए मल्टी टास्क वर्कर को “पशु मित्र” के नाम से जोड़ने का निर्णय लिया है। यह नियुक्ति पूरी तरह अस्थायी होगी और इसे भविष्य में नियमित भर्ती का आधार नहीं माना जाएगा। पशु मित्रों की सेवाएं राज्यभर के पशु चिकित्सालयों, औषधालयों, पॉलीक्लिनिक, गौशालाओं, पोल्ट्री फार्मों और प्रयोगशालाओं में ली जाएंगी। चयनित युवाओं को पांच हजार रुपये मानदेय और रोजाना चार घंटे कार्य समय निर्धारित किया गया है।

सरकार की अधिसूचना के अनुसार, इस पद के लिए हिमाचल प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है। आयु सीमा 18 से 45 वर्ष और न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास रखी गई है। इसके साथ ही अच्छे चरित्र, शारीरिक स्वास्थ्य और पशुपालन का ज्ञान रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। चयन प्रक्रिया दो चरणों में होगी। पहले चरण में उम्मीदवारों को 25 किलो वजन उठाकर 100 मीटर की दूरी एक मिनट में तय करनी होगी, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि वे बड़े पशुओं को पकड़ने, बीमार और नवजात पशुओं की देखभाल, चारे की बोरियां उठाने और मृत पशुओं के निपटान जैसे कार्यों में सक्षम हैं।

अधिसूचना में यह भी स्पष्ट किया गया है कि पशु मित्रों को पशुओं के इलाज, टीकाकरण, चारा-पानी पहुंचाने, औजारों व दवाइयों की देखभाल, अस्पताल और फार्म की सफाई जैसे कार्य सौंपे जाएंगे। उन्हें सालाना 12 दिन की छुट्टी, रविवार और राजपत्रित अवकाश मिलेंगे, वहीं महिला कर्मचारियों को मातृत्व अवकाश की सुविधा भी दी जाएगी। हाल ही में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 500 पशु मित्रों की भर्ती को मंजूरी दी गई है, जिसे प्रदेश सरकार के एक दूरदर्शी और सराहनीय कदमके रूप में देखा जा रहा है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!