शिमला,न्यूज़ इंडिया आजतक, राज्य चीफ़ ब्यूरो विजय समयाल .

हिमाचल प्रदेश विधानसभा के मानसून सत्र का आज पाँचवाँ दिन है, जिसकी कार्यवाही सुबह 11 बजे शुरू हुई। इस बार सत्र 18 अगस्त से 2 सितंबर तक निर्धारित है। सत्र के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। आज की कार्यवाही में सबसे पहले जल शक्ति विभाग में ठेकेदारों की अधिकता और योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर चर्चा हुई। इसके अलावा 1 जनवरी 2023 से 31 जुलाई 2025 तक लोक निर्माण विभाग को केंद्र से प्राप्त धनराशि पर भी सवाल उठाया गया।
सदन के शून्यकाल में प्रदेश में सड़कों के बाधित रहने का मामला जोर-शोर से उठा। विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सेब सीजन के दौरान सड़कों के बंद रहने से किसानों और बागवानों को भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ नेशनल हाईवे तो 35 से 40 घंटे तक बंद रहते हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही ठप हो जाती है।
इसी विषय पर विधायक राजेश जमवाल ने कहा कि कुल्लू से मंडी तक की यात्रा अब 15 से 18 घंटे में पूरी हो रही है, जबकि पहले यह समय काफी कम था। उन्होंने बताया कि सड़कें बंद होने के कारण पर्यटकों को असुविधा हो रही है और आने वाले दिनों में यह पर्यटन उद्योग को भी नुकसान पहुँचा सकता है। किसानों और बागवानों को अपने उत्पाद मंडियों तक पहुँचाने में भी गंभीर दिक्कतें हो रही हैं।
. सदन में आज ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि प्रदेश में पंचायत सचिवों के 899 पद रिक्त हैं। इनमें से 300 पदों को भरने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण प्रशासन को मजबूत बनाने के लिए इस दिशा में तेजी से कार्य कर रही है। . डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने सदन में जल शक्ति विभाग में ठेकेदारों की स्थिति पर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विभाग में अब तक 11,143 ठेकेदार पंजीकृत हैं और 92,619 ठेके दिए जा चुके हैं, जिनमें से 74,336 कार्य पूर्ण हो चुके हैं। A श्रेणी के 215, B के 293, C के 852 और D श्रेणी के 10,000 से अधिक ठेकेदार हैं। विभाग द्वारा अब तक लगभग 4,000 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा चुकी है।
. इसी बीच कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल शिमला पहुँचीं और कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में ‘वोट चोर, कुर्सी छोड़’ नामक अभियान के तहत एक बड़ी रैली आयोजित की गई। इस रैली में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, डिप्टी सीएम अग्निहोत्री, प्रतिभा सिंह, चेतन चौहान और अन्य वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। रजनी पाटिल पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को लेकर भी नेताओं से चर्चा करेंगी।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोशल मीडिया पर पूर्ववर्ती भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने लिखा कि भाजपा शासन में प्रदेश के सार्वजनिक उपक्रम लूट का माध्यम बन गए थे, लेकिन अब उनकी सरकार ने इन्हें हिमाचल की प्रगति और आत्मनिर्भरता का आधार बना दिया है। सीएम ने दावा किया कि इन उपक्रमों से होने वाली आय को जनता की भलाई के लिए इस्तेमाल किया जा रहा है।

