Himachal Pradesh Heavy Rain: हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया और पेड़ उखड़ जाने से तीन नेशनल हाईवे (एनएच) सहित 398 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गईं।
शिमला: हिमाचल प्रदेश में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के कारण भूस्खलन हो गया और पेड़ उखड़ जाने से तीन नेशनल हाईवे (एनएच) सहित 398 सड़कें यातायात के लिए बंद हो गईं। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राजधानी शिमला में पेड़ उखड़कर गिर जाने से तीन-चार वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। टूटीकंडी इलाके में कई पेड़ गिर गए, जबकि विकास नगर में एक पेड़ के गिरने से एक इमारत की छत क्षतिग्रस्त हो गई।
कुल 398 सड़कें बंद
राज्य में कुल 398 सड़कें वाहनों के आवागमन के लिए बंद कर दी गईं। इन सड़कों में एनएच-305 का हिस्सा औट-सैंज सड़क, खाब से ग्रामफू (एनएच-505) और हाटकोटी से पांवटा साहिब (एनएच-707) शामिल हैं। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (एसईओसी) के अनुसार, इनमें से 213 सड़कें मंडी जिले में और 85 कुल्लू जिले से लगी सड़कें हैं। चंबा-पठानकोट राजमार्ग दुनेरा के पास धंस गया, जिसके कारण सड़क बंद हो गई।

