लॉटरी माफिया के दबाव में लिया गया फैसला: जयराम ठाकुरसरकार को बताना चाहिए किससे हुआ लेन-देन, कौन है इसके पीछे – भाजपा ने किया विरोधअनुज कुमार जैनशिमला।विधानसभा स्थित कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में लॉटरी शुरू करने का निर्णय सरकार ने लॉटरी माफिया के दबाव में लिया है, जो किसी भी रूप में जनहित में नहीं है।
भाजपा इस निर्णय का पुरजोर विरोध करती है और सरकार से इसे तत्काल वापस लेने की मांग करती है। ठाकुर ने कहा कि सरकार को यह स्पष्ट करना चाहिए कि यह फैसला किन लोगों के दबाव में लिया गया, कहां-कहां लेन-देन हुआ और किन-किन लोगों से बातचीत की गई। उन्होंने कहा कि लॉटरी को लेकर चाहे जितने भी तर्क दिए जाएं, यह कदम प्रदेश और उसके नागरिकों के हित के खिलाफ है।युवाओं को रोजगार देने का वादा और अब लॉटरी का मास्टर स्ट्रोक?नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कटाक्ष करते हुए कहा कि जो सरकार पांच लाख नौकरी देने का वादा कर सत्ता में आई थी, वही अब प्रदेश के युवाओं का भविष्य संवारने की बजाय लॉटरी को वैध करने का मास्टर स्ट्रोक बता रही है। उन्होंने कहा कि यह सरकार न तो स्टार्टअप को प्रोत्साहित कर पाई और न ही युवाओं को स्वरोजगार के अवसर दे सकी।
अब शराब के ठेके बढ़ाने, भांग की खेती वैध करने और अब लॉटरी से राजस्व कमाने जैसे विकल्पों का सहारा लिया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या सरकार के पास अब और कोई रास्ता नहीं बचा? स्वावलंबन जैसी योजनाएं बंद पड़ी हैं और रोजगार के संसाधनों पर खुद सरकार ने ताले लगा दिए हैं। यह स्थिति युवाओं के लिए बेहद निराशाजनक है।लॉटरी के कड़वे अनुभव भुला नहीं प्रदेश: मुख्यमंत्री से फैसले पर पुनर्विचार की अपीलजयराम ठाकुर ने कहा कि 25 साल पहले जब भाजपा की प्रेम कुमार धूमल सरकार आई थी, तो लॉटरी के दुष्परिणामों को देखते हुए उसे तुरंत प्रभाव से बंद कर दिया गया था। उन्होंने कहा कि लॉटरी के चलते अतीत में कितने ही लोगों की जमीनें बिक गईं, घर नीलाम हो गए और पेंशन तक की राशियाँ दांव पर लग गई थीं। सरकार की योजनाएं आमजन को राहत देने के लिए होती हैं, न कि उनके जीवन को संकट में डालने के लिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश के युवाओं और आम नागरिकों के हित को ध्यान में रखते हुए इस निर्णय को वापस लें।
हिमाचल निर्माता परमार की जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पितनेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने डॉ. यशवंत सिंह परमार की 119वीं जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया और उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए। उन्होंने कहा कि डॉ. परमार के योगदान से ही हिमाचल एक संगठित राज्य के रूप में खड़ा हुआ और उनकी सोच ने प्रदेश की सांस्कृतिक धरोहर को मजबूत किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि डॉक्टर परमार द्वारा दिखाया गया मार्ग आज भी प्रासंगिक है और प्रदेश की प्रगति का आधार है।


