पहली तौल कराने वाले किसान हुए सम्मानित, बैलों को तिलक लगाकर खिलाया गया गुड़-चना; विशिष्ट अतिथियों की अनुपस्थिति भी रही चर्चा में

महमूदाबाद, सीतापुर। प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरोअनुज कुमार जैन
दि किसान सहकारी चीनी मिल महमूदाबाद के नए पेराई सत्र का शुभारंभ गुरुवार को क्षेत्रीय विधायक आशा मौर्या ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधिवत पूजन-अर्चन के साथ किया। विधायक ने चीनी मिल के जीएम संजय चावला एवं उपसभापति केके त्रिवेदी के साथ संयुक्त रूप से फीता काटकर मिल का उद्घाटन किया।
शुभारंभ अवसर पर ट्रैक्टर-ट्रॉली से पहली तौल कराने वाले शाहिनपुर निवासी किसान राजेश तथा बैलगाड़ी से पहली तौल कराने वाले सुकईपुर निवासी किसान अजयपाल का तिलक लगाकर एवं साफा पहनाकर स्वागत किया गया। दोनों किसानों को बाल्टी सहित अन्य उपहार देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विधायक ने बैलों को तिलक लगाकर गुड़-चना खिलाया तथा दोनों किसानों को पहली तौल की कांटा पर्चियां भी प्रदान कीं।
इसके उपरांत अतिथियों ने डोंगे में गन्ना डालकर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पेराई सत्र का विधिवत शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मिल के जीएम संजय चावला ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया।
वहीं कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित सेवता विधायक ज्ञान तिवारी एवं महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी निमंत्रण के बावजूद उपस्थित नहीं हो सके। उनकी अनुपस्थिति भी कार्यक्रम के दौरान चर्चा का विषय रही।इस अवसर पर उपसभापति कृष्ण कुमार त्रिवेदी, मंडल अध्यक्ष कमलेश राजपूत, रोहित सिंह सहित चीनी मिल के अधिकारी, कर्मचारी एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

