Reading: सीतापुर में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता का निधन, परिवार ने नेत्रदान कर पेश की मानवता की मिसाल

सीतापुर में प्रख्यात चिकित्सक डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता का निधन, परिवार ने नेत्रदान कर पेश की मानवता की मिसाल

RamParkash Vats
3 Min Read

मृत्यु के बाद भी दो नेत्रहीनों की जिंदगी में बिखरेगा उजाला, सक्षम संस्था की टीम ने सुरक्षित कराए दोनों नेत्र

सीतापुर।प्रदेश राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
शहर की नई बस्ती निवासी प्रख्यात चिकित्सक डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता (86 वर्ष) का बीमारी के चलते निधन हो गया। दुख की इस घड़ी में उनके परिवार ने मानवता और सामाजिक सरोकार की अनूठी मिसाल पेश करते हुए उनके नेत्रदान का निर्णय लिया। उनके पुत्र डॉ. वरुण गुप्ता ने सक्षम संस्था के सुभाष अग्निहोत्री से संपर्क कर नेत्रदान की इच्छा जताई।
इस पर सक्षम संस्था के अध्यक्ष संदीप भरतीया ने आंख अस्पताल, सीतापुर पहुंचकर चिकित्सकों की टीम गठित कराई। टीम में डॉ. सिद्धार्थ, डॉ. शुभांगी, अरुणेश मिश्रा, पल्लवी एवं संजना शामिल रहे। चिकित्सकों की टीम ने दिवंगत डॉ. गुप्ता के आवास पहुंचकर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की और उनके दोनों नेत्र सुरक्षित कर आई बैंक में रखवाए। इनसे दो नेत्रहीन व्यक्तियों को निशुल्क कॉर्निया प्रत्यारोपण के माध्यम से नई रोशनी मिलने की उम्मीद है।
संकट की घड़ी में परिवार ने पेश की प्रेरणादायक मिसाल
संस्था के महामंत्री मुकेश अग्रवाल ने शोकाकुल परिवार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में नेत्रदान का निर्णय लेना अत्यंत सराहनीय है। परिवार ने समाज को एक ऐसी प्रेरणा दी है, जिससे अन्य लोग भी नेत्रदान के लिए आगे आएंगे।
संस्था के मीडिया प्रभारी विकास अग्रवाल ने कहा कि भारत में नेत्रहीनों की संख्या के मुकाबले नेत्रदान करने वालों की संख्या काफी कम है। उन्होंने श्रीलंका का उदाहरण देते हुए बताया कि वहां नेत्रदान की मजबूत सामाजिक परंपरा है और वहां से दूसरे देशों को भी नेत्र उपलब्ध कराए जाते हैं।
वहीं अक्षत अग्रवाल ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को नेत्रदान की उपयोगिता समझनी चाहिए। मृत्यु के बाद शरीर पंचतत्व में विलीन हो जाता है, लेकिन नेत्रदान के माध्यम से दो लोगों के जीवन में उजाला लाया जा सकता है।
नेत्रदान बेहद सरल प्रक्रिया, समाज से आगे आने की अपील
सक्षम संस्था के अध्यक्ष संदीप भरतीया ने बताया कि नेत्रदान एक सरल प्रक्रिया है। इसमें पूरी आंख नहीं निकाली जाती, बल्कि आंख का पारदर्शी अगला हिस्सा यानी कॉर्निया लिया जाता है। यह प्रक्रिया प्रशिक्षित चिकित्सकों द्वारा की जाती है।
उन्होंने समाज के लोगों से अपील की कि नेत्रदान को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करें और अधिक से अधिक संख्या में इस पुनीत कार्य के लिए आगे आएं।
डॉ. जगदीश चंद्र गुप्ता भले ही अब इस दुनिया में नहीं रहे, लेकिन उनके परिवार के इस नेक निर्णय से दो जरूरतमंद लोगों के जीवन में रोशनी आने का रास्ता खुल गया है। यह नेत्रदान केवल दो लोगों को दृष्टि देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज के लिए सेवा, संवेदना और मानवता का अमूल्य संदेश भी है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!