
नूरपुर से विनय महाजन:-नूरपुर प्रदेश के राजकीय हाई स्कूल बदुही खास के विद्यार्थियों ने धर्मशाला मे स्थित हिमाचल प्रदेश विधानसभा का आज शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने अपने नूरपुर के विधायक रणबीर सिंह निक्का से मुलाकात की तथा विधानसभा की कार्यवाही को नजदीक से देखने का अवसर प्राप्त किया।विधायक रणबीर सिंह निक्का ने विद्यार्थियों से आत्मीय मुलाकात की और उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था, विधानसभा की कार्यप्रणाली तथा जनप्रतिनिधियों की भूमिका के बारे में जानकारी दी।
इस भ्रमण के माध्यम से विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान के साथ-साथ संसदीय एवं लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रत्यक्ष रूप से समझने का अवसर मिला।इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने गगल एयरपोर्ट का भी भ्रमण किया तथा माता श्री चामुंडा देवी मंदिर में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री सतपाल सिंह जी सहित स्कूल के अध्यापकगण भी उपस्थित रहे।विधायक रणबीर सिंह निक्का ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं और व्यवस्था को समझने के अवसर मिलते रहने चाहिए।

