
जवाली (चलवाड़ा): कांता कॉलेज ऑफ एजुकेशन में बी.एड. के नए प्रशिक्षु विद्यार्थियों के स्वागत में सीनियर विद्यार्थियों द्वारा फ्रेशर पार्टी का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज के चेयरमैन ठाकुर शुभ करण सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की, जबकि कॉलेज के वाइस चेयरमैन सौरव ठाकुर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की जयंती के अवसर पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करके किया गया। इस अवसर पर सभी विद्यार्थियों ने नेहरू टोपी पहनकर तथा राष्ट्रगान के साथ बाल दिवस के महत्व को भी याद किया।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के चेयरमैन ठाकुर शुभ करण सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में अनुशासन, मेहनत और सकारात्मक सोच अपनाने के लिए प्रेरित किया। वाइस चेयरमैन सौरव ठाकुर ने भी विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। कॉलेज की कार्यवाहक प्राचार्या सुश्री शिवानी मेहरा ने अपने संबोधन में नए विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
फ्रेशर पार्टी के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक एवं मनोरंजक गतिविधियों का आयोजन किया गया। सीनियर विद्यार्थियों ने जूनियर्स के मनोरंजन एवं आपसी मेलजोल को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कई प्रकार के रोचक खेलों का आयोजन किया, जिनमें नए विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। इन खेलों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक एवं यादगार बना दिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर सुश्री संगीता को मिस फ्रेशर* तथा अयूब खान को मिस्टर फ्रेशर चुना गया। वहीं हिया को मिस पर्सनैलिटी और आशु प्रणव मेहरा को मिस्टर पर्सनैलिटी* के खिताब से नवाजा गया।कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य नए विद्यार्थियों का स्वागत करना, उनमें आत्मविश्वास विकसित करना तथा सीनियर और जूनियर विद्यार्थियों के बीच आपसी सौहार्द एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

