Reading: पौंग जलाशय में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने की पहल, सिहाल में छोड़े 13.98 लाख मत्स्य बीज

पौंग जलाशय में मत्स्य उत्पादन बढ़ाने की पहल, सिहाल में छोड़े 13.98 लाख मत्स्य बीज

RamParkash Vats
3 Min Read

दो दिवसीय अभियान में रोहू, मृगल और कतला प्रजातियों के 13,98,995 बीजों का संचयन, मछुआरों की आय बढ़ने की जगी उम्मीद

फतेहपुर। पौंग जलाशय के मत्स्य संसाधनों को समृद्ध बनाने और मत्स्य उत्पादन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मत्स्य विभाग हिमाचल प्रदेश की ओर से 14 एवं 15 नवंबर को सिहाल क्षेत्र में विशेष मत्स्य बीज संचयन अभियान चलाया गया। इस दौरान जलाशय में विभिन्न प्रमुख प्रजातियों के कुल 13,98,995 मत्स्य बीज छोड़े गए। इनमें 8,80,650 रोहू, 1,15,005 मृगल तथा 4,03,340 कतला प्रजाति के बीज शामिल हैं।

पौंग जलाशय के सिहाल क्षेत्र में मत्स्य बीज संचयन अभियान के दौरान विभागीय अधिकारी। इस अवसर पर सहायक निदेशक मत्स्य पालन डॉ. सोम नाथ, संदीप कुमार, राकेश कुमार एवं अरुणकांत वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

अभियान का नेतृत्व सहायक निदेशक मत्स्य पालन (20 प्वाइंट्स) डॉ. सोम नाथ ने किया। इस अवसर पर सहायक निदेशक मत्स्य पालन पौंग बांध संदीप कुमार भी उपस्थित रहे। वहीं, कार्यक्रम में पर्यवेक्षक के रूप में सहायक निदेशक मत्स्य पालन पालमपुर राकेश कुमार तथा वरिष्ठ मत्स्य अधिकारी पतलीकूहल अरुणकांत वर्मा ने भाग लिया।

अधिकारियों ने बताया कि पौंग जलाशय में रोहू, मृगल और कतला जैसी प्रमुख भारतीय कार्प प्रजातियों के बीजों का संचयन जलाशय की मत्स्य उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे आने वाले समय में मछलियों की उपलब्धता बढ़ने के साथ मत्स्य उत्पादन में भी वृद्धि होने की उम्मीद है।

सहायक निदेशक डॉ. सोम नाथ ने कहा कि विभाग का उद्देश्य नियमित रूप से मत्स्य बीज संचयन कर जलाशय के मत्स्य संसाधनों का संरक्षण एवं संवर्धन करना है। इससे पौंग जलाशय से जुड़े मछुआरों को भविष्य में मछली पकड़ने के अधिक अवसर मिलेंगे और उनकी आय एवं आजीविका को मजबूती मिलेगी। उन्होंने मछुआरों से मत्स्य संसाधनों के संरक्षण तथा विभागीय नियमों का पालन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि मत्स्य विभाग जलाशय के वैज्ञानिक एवं सतत प्रबंधन के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि मत्स्य उत्पादन में वृद्धि के साथ इससे जुड़े मछुआरा समुदाय को भी दीर्घकालिक आर्थिक लाभ मिल सके।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!