
नूरपुर से विनय महाजन:नूरपुर। प्रदेश की गर्री केयर्स फाउंडेशन एवं यूथ अगेंस्ट ड्रग्स नूरपुर द्वारा युवाओं को नशे से दूर रखने, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने तथा खेलों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से 15 नवंबर 2026, रविवार को बौड़ (नूरपुर) में राष्ट्रीय मैराथन 2026 का आयोजन किया जा रहा है।
इस मैराथन में तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। लड़कों के लिए 8 किलोमीटर, लड़कियों के लिए 6 किलोमीटर तथा 15 वर्ष से कम आयु के बच्चों के लिए 3 किलोमीटर की दौड़ आयोजित होगी। प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रतिभागियों के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार, ट्रॉफियां एवं अन्य सम्मान भी रखे गए हैं।
आयोजकों ने क्षेत्र के युवाओं, सामाजिक संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों, खेल प्रेमियों एवं आम नागरिकों से इस आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। गर्री केयर्स फाउंडेशन के प्रतिनिधियों के अनुसार यह मैराथन केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नशे के खिलाफ सामाजिक जागरूकता और सड़क सुरक्षा के प्रति सामूहिक संकल्प का प्रतीक है। संस्था का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रेरित करना है।आयोजकों ने आह्वान किया कि युवा इस अभियान का हिस्सा बनें और नशामुक्त समाज के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

