शिक्षा, संस्कार और जिम्मेदारी से ही बनेगा उज्ज्वल भविष्य : अशोक तेवारी

कुमारसैन। हिमाचल प्रदेश के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) श्री अशोक तेवारी, आईपीएस ने डीएवी सीनियर सेकेंडरी पब्लिक स्कूल, कुमारसैन के वार्षिक समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए शिक्षा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों और सामाजिक जिम्मेदारी के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला।

अपने संबोधन में डीजीपी अशोक तेवारी ने विद्यार्थियों को जीवन में निर्धारित लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत, समर्पण और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह व्यक्ति के चरित्र निर्माण, सोचने-समझने की क्षमता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।

उन्होंने विद्यार्थियों को जीवन में अच्छे संस्कार अपनाने, अपने शिक्षकों और अभिभावकों का सम्मान करने तथा समाज एवं राष्ट्र के प्रति सकारात्मक योगदान देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी देश का भविष्य है और विद्यार्थियों में शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों तथा जिम्मेदारी की भावना विकसित होना आवश्यक है।

डीजीपी ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे अपने सपनों को साकार करने के लिए पूरी लगन से प्रयास करें और जीवन में आने वाली चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के साथ करें।वार्षिक समारोह के दौरान विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में शिक्षा, संस्कार और व्यक्तित्व विकास से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा हुई। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत, अनुशासन और सामाजिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।

