आकर्षक झांकियों और भक्ति गीतों ने मोहा मन, जयकारों से गूंजा नगर; सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहा प्रशासन


महमूदाबाद, सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन :--महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर महमूदाबाद नगर में बुधवार को हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ विशाल शोभायात्रा निकाली गई। नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आकर्षक झांकियों, भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर नजर आया।

आकर्षक झांकियां रहीं मुख्य आकर्षण
शोभायात्रा में सजाई गई विभिन्न झांकियों ने लोगों का मन मोह लिया। इनमें रामायण के रचयिता महर्षि वाल्मीकि के जीवन दर्शन के साथ भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान जी सहित अन्य देवी-देवताओं के स्वरूपों का मनमोहक चित्रण किया गया। संविधान और भारतीय संस्कृति से जुड़ी झांकियों ने भी लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कलाकारों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने शोभायात्रा की भव्यता में चार चांद लगा दिए।

भक्ति गीतों पर झूमे श्रद्धालु और युवा
शोभायात्रा के दौरान डीजे, ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों की धुनों पर श्रद्धालु तथा युवा उत्साह व डांडिया के साथ झूमते नजर आए। ‘जय महर्षि वाल्मीकि’ और ‘जय श्रीराम’ के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया और धार्मिक उत्साह के साथ सहभागिता की।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन रहा मुस्तैद
शोभायात्रा को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए स्थानीय पुलिस और प्रशासन सतर्क नजर आया। नगर के विभिन्न मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रही तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के प्रयास किए गए। सुरक्षा के बीच शोभायात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

आयोजकों और स्थानीय गणमान्य नागरिकों के सहयोग से निकाली गई इस शोभायात्रा ने धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और आपसी सौहार्द का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं में उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।

