मानदेय में प्रतिमाह 1000-1000 रुपये की बढ़ोतरी, एक नवंबर से मिलेगा लाभ

शिमला। हिमाचल प्रदेश की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के लिए राहत भरी खबर है। प्रदेश सरकार ने दोनों वर्गों के मानदेय में प्रतिमाह 1000-1000 रुपये की बढ़ोतरी करने का फैसला लागू करने के लिए अधिसूचना जारी कर दी है। बजट घोषणा के अनुरूप सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की ओर से शुक्रवार को इस संबंध में आदेश जारी किए गए। बढ़ा हुआ मानदेय एक नवंबर से लागू होगा।
विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, मानदेय में बढ़ोतरी के बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अब 10,500 रुपये के बजाय 11,500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। वहीं, आंगनबाड़ी सहायिकाओं का मानदेय 5,800 रुपये से बढ़कर 6,800 रुपये प्रतिमाह हो जाएगा। इस संबंध में विभाग के सचिव ने महिला एवं बाल विकास निदेशक को पत्र जारी कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

