
–प्रदेश मे सरकार जनता की समस्याओं को सुनने और सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आज फतेहपुर के अंबेडकर भवन में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चंद्र कुमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए,


जबकि फतेहपुर के विधायक एवं राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया भी मौजूद रहे।प्रदर्शनी में दिखी महिला समूहों की प्रतिभा, रागी के मोमोज चखकर मंत्री व विधायक ने की सराहनाकार्यक्रम में पहुंचते ही मंत्री प्रो. चंद्र कुमार और विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने विभिन्न विभागों तथा स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने विभागीय योजनाओं, स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों द्वारा तैयार किए गए व्यंजनों की जानकारी लीl ऐसे कार्यक्रम मजबूती देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अहम भूमिका निभाते हैं।

*कार्यक्रम में कृषि मंत्री प्रो. चंद्र कुमार के तय समय से करीब एक घंटा तीस मिनट देरी से पहुंचने के चलते लोगों को इंतजार करना पड़ा।कार्यक्रम के दौरान लोगों को अपनी समस्याएं और मांगें सीधे जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखने का अवसर मिला। विभिन्न विभागों के अधिकारियों की मौजूदगी में जनसमस्याओं को सुना गया तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई पर जोर दिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर लोगों को प्रशासनिक स्तर पर राहत उपलब्ध करवाना रहा।सरकार गांव के द्वार पहल के माध्यम से सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं, विकास से जुड़ी जरूरतों और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन से संबंधित मुद्दों को समझने का प्रयास कर रही है।

वहीं, विभागीय प्रदर्शनियों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ स्थानीय उत्पादों और स्वयं सहायता समूहों के कार्यों को भी मंच मिला।कार्यक्रम के दौरान उठाए गए मुद्दों पर आगे होने वाली कार्रवाई ही इसकी वास्तविक सफलता तय करेगी। जनता को उम्मीद है कि जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समक्ष रखी गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निपटारा होगा तथा विकास से जुड़ी मांगों पर भी सकारात्मक कदम उठाए जाएंगे।

‘सरकार गांव के द्वार’ की सार्थकता तभी सिद्ध होगी, जब जनता की आवाज केवल सुनवाई तक सीमित न रहकर ठोस समाधान में बदले और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।इस अवसर पर एसडीएम फतेहपुर रमण शर्मा विकास खंड अधिकारी सुभाष अत्री, जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता वी.ओ. लूणा, सहायक अभियंता अमित रंधावा, सहायक अभियंता फतेहपुर बलविंद्र धीमान, जिला परिषद सदस्य रघुबीर सिंह पठानिया, एएसपी धर्मचंद वर्मा, उपप्रधान गोलवां अनिल पप्पू, टकोली घिर्था पंचायत की प्रधान परमजीत कौर तथा लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

