Reading: बनोली में 62 लाख की सोलर सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में, पेयजल समस्या के समाधान को लगेगा ट्यूबवेल : प्रो. चन्द्र कुमार

बनोली में 62 लाख की सोलर सिंचाई परियोजना अंतिम चरण में, पेयजल समस्या के समाधान को लगेगा ट्यूबवेल : प्रो. चन्द्र कुमार

RamParkash Vats
4 Min Read

सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम में कृषि मंत्री ने सुनीं जनसमस्याएं, पेयजल और सड़क सुविधाओं के विस्तार पर दिया जोर

ज्वाली, 21 अक्तूबर: —कृषि एवं पशुपालन मंत्री प्रो. चन्द्र कुमार ने आज ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनोली में लोगों से सीधा संवाद कर उनकी जनसमस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा की।
कृषि मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास और लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। ‘सरकार गाँव के द्वार’ कार्यक्रम के माध्यम से सरकार गांवों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं को सुन रही है तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता विकास योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल, सिंचाई तथा सड़क सुविधाओं को सुदृढ़ करना है।
प्रो. चन्द्र कुमार ने बताया कि ग्राम पंचायत बनोली में जाइका परियोजना के अंतर्गत 62 लाख रुपये की लागत से सोलर सिंचाई परियोजना का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है तथा इसे जल्द ही लोगों को समर्पित किया जाएगा। इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्र की करीब 20 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होगी। इससे किसानों को लाभ मिलेगा और कृषि गतिविधियों को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
उन्होंने बताया कि पंचायत में पेयजल समस्या के स्थायी समाधान के लिए ट्यूबवेल स्थापित किया जाएगा। इसके लिए आगामी 10 से 15 दिनों में रिग मशीन लगाकर क्षेत्र में भूजल की उपलब्धता का आकलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पेयजल लोगों की मूलभूत आवश्यकता है और क्षेत्र में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कृषि मंत्री ने बताया कि क्षेत्र में सड़क सुविधा को बेहतर बनाने के लिए बनोली-डुगलू-भट्टी सड़क का लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण किया जा रहा था, लेकिन वन विभाग की भूमि आने के कारण इसका कार्य रुक गया था। सड़क निर्माण को आगे बढ़ाने के लिए वन भूमि से संबंधित एफआरए क्लीयरेंस की प्रक्रिया के तहत वन विभाग के पास एक लाख रुपये की राशि जमा करवा दी गई है।

आवश्यक स्वीकृति मिलते ही सड़क के शेष निर्माण कार्य को पूरा किया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। उन्होंने आगे बताया कि चचियां से कोहनाल सड़क के निर्माण के लिए 8.5 करोड़ रुपये की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर स्वीकृति के लिए भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद सड़क निर्माण की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को मजबूत करना प्रदेश सरकार की विकास प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि लोगों को आवागमन सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं का बेहतर लाभ मिल सके।
प्रो. चन्द्र कुमार ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में विकास योजनाओं को गति प्रदान कर रही है। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से विकास कार्यों में समन्वय बनाए रखने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए गंभीरता से कार्य करने पर जोर दिया।
इस अवसर पर एसडीएम नरेंद्र जरियाल, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता लवकेश शर्मा, विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता विशाल पत्रवाल, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बलविंदर, पशु चिकित्सक डॉ. प्रियंका,जाइका ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजर लक्षित चौधरी,ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चैन सिंह गुलेरिया, पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रधान मनमोहन सिंह, बीडीसी सदस्य सचिन गुलरिया, ग्राम पंचायत बनोली की प्रधान शकुंतला देवी तथा उपप्रधान कैप्टन केसर सिंह डडवाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
-0-

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!