
वजीर राम सिंह राजकीय महाविद्यालय देहरी की वाटर स्पोर्ट्स टीम पौंग बांध के बजाय इसी सरोवर में अभ्यास करेगी। फतेहपुर के विधायक एवं राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष भवानी सिंह पठानिया ने कयाकिंग और कैनोइंग के लिए के-1 व के-2 श्रेणी की दो बोट देने का ऐलान किया है।

महाविद्यालय की प्राचार्य कामाक्षी लुंबा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि विधायक भवानी सिंह पठानिया ने राजा का तालाब स्थित ऐतिहासिक सरोवर में अभ्यास करने की अनुमति प्रदान की है और दो बोट देने की घोषणा भी की है। उन्होंने इस सहयोग के लिए विधायक का आभार जताते हुए कहा कि पौंग बांध दूर होने के कारण खिलाड़ियों को अभ्यास के लिए आने-जाने में समय और संसाधन खर्च करने पड़ते थे। वाटर स्पोर्ट्स की बोट व अन्य उपकरण भी महंगे हैं। ऐसे में स्थानीय स्तर पर अभ्यास की सुविधा मिलना खिलाड़ियों के लिए राहत भरा कदम है। इससे टीम को नियमित अभ्यास करने और प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन की तैयारी करने में मदद मिलेगी।
ऐतिहासिक सरोवर को मिलेगी नई पहचान, खिलाड़ियों को मिलेगा नया अवसर
राजा का तालाब स्थित ऐतिहासिक सरोवर में जल क्रीड़ाओं की गतिविधियां बढ़ने से क्षेत्र को नई पहचान मिलने की उम्मीद है। देहरी कॉलेज के खिलाड़ियों को स्थानीय स्तर पर अभ्यास का अवसर मिलेगा, वहीं युवाओं में वाटर स्पोर्ट्स के प्रति रुचि बढ़ाने और नई प्रतिभाओं को आगे लाने का मार्ग भी प्रशस्त होगा।

