Reading: कांगड़ा घाटी रेल सेवा फिर बंद, कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब——चक्की रेल पुल बनने के बाद भी सेवा बंद होने पर उठे सवाल, अनुराग शर्मा बोले—जनता को नियमित रेल सेवा चाहिए, सिर्फ हरी झंडी नहीं

कांगड़ा घाटी रेल सेवा फिर बंद, कांग्रेस ने भाजपा से मांगा जवाब——चक्की रेल पुल बनने के बाद भी सेवा बंद होने पर उठे सवाल, अनुराग शर्मा बोले—जनता को नियमित रेल सेवा चाहिए, सिर्फ हरी झंडी नहीं

RamParkash Vats
3 Min Read

कांगड़ा घाटी की रेल सेवा एक बार फिर बंद होने पर कांग्रेस ने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार को घेरा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद अनुराग शर्मा ने फतेहपुर में पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि करीब चार साल तक बंद रही रेल सेवा को चक्की रेलवे पुल तैयार होने के बाद दोबारा शुरू किया गया था, लेकिन कुछ समय बाद ही सेवा फिर बंद हो गई। उन्होंने कहा कि जनता को नियमित और स्थायी रेल सेवा चाहिए, केवल हरी झंडी दिखाने की औपचारिकता नहीं।

अनुराग शर्मा ने कहा कि रेल सेवा बहाल करवाने के लिए रेलवे संघर्ष समिति लंबे समय से आंदोलन करती रही और कांग्रेस भी इस संघर्ष में उनके साथ खड़ी रही। उन्होंने कहा कि रेल सेवा शुरू करवाने के संघर्ष में वे स्वयं भी समिति के साथ रहे, लेकिन अब सेवा दोबारा बंद होने के बाद भाजपा सांसदों की सक्रियता नजर नहीं आ रही है।

उन्होंने भाजपा सांसदों और केंद्र सरकार से सवाल किया कि जिस रेल सेवा को हरी झंडी दिखाकर जनता को समर्पित किया गया था, वह दोबारा बंद क्यों हो गई। उन्होंने कहा कि जनता को इस संबंध में स्पष्ट जवाब मिलना चाहिए।

कांग्रेस संघर्ष समिति के साथ खड़ी : अनुराग

अनुराग शर्मा ने कहा कि कांगड़ा घाटी की रेल सेवा क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए महत्वपूर्ण है। कांग्रेस रेलवे संघर्ष समिति के साथ मिलकर इस मुद्दे को आगे भी मजबूती से उठाएगी। उनका प्रयास रहेगा कि रेल सेवा नियमित रूप से बहाल हो और लोगों को इसका स्थायी लाभ मिले।

बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का दावा

संगठन को लेकर अनुराग शर्मा ने कहा कि कांग्रेस को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। कार्यकर्ता सीधे जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे और उन्हें मजबूती से उठाएंगे। उन्होंने कहा कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में ब्लॉक स्तर पर कांग्रेस कमेटियों का गठन हो चुका है और अब संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा।उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस दोबारा सरकार बनाएगी और कांगड़ा की सभी 15 विधानसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!