खो-खो और वॉलीबॉल में दिखाएंगे प्रतिभा, विद्यालयों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल

सिरमौर/नोहराधार। कपिल शर्मा। खेल प्रतिभा के दम पर नोहराधार क्षेत्र के तीन होनहार खिलाड़ियों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होकर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवामानल के दो खिलाड़ियों विकास और शौर्य का चयन खो-खो प्रतियोगिता के लिए हुआ है, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवाई के छात्र सूर्यांश सूर्या का चयन वॉलीबॉल के लिए हुआ है। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का आयोजन राजगढ़ में किया जाएगा।

तीनों खिलाड़ियों के चयन की सूचना मिलते ही संबंधित विद्यालयों के शिक्षकों, विद्यार्थियों, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। ग्रामीण क्षेत्र से निकलकर राज्य स्तर की प्रतियोगिता तक पहुंचना इन खिलाड़ियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण को दर्शाता है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि तीनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र और अपने विद्यालय का नाम गौरवान्वित करेंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवामानल के पीटीआई जिया लाल तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवाई के पीटीआई यशपाल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। ब्लॉक नोहराधार के अध्यापकों, पीटीआई, अभिभावकों और खेल प्रेमियों ने भी विकास, शौर्य और सूर्यांश सूर्या के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। खिलाड़ियों की यह उपलब्धि क्षेत्र के अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाली है।

