Reading: लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें अधिकारी : भवानी सिंह पठानिया

लंबित विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करें अधिकारी : भवानी सिंह पठानिया

RamParkash Vats
3 Min Read

नूरपुर संयुक्त कार्यालय भवन नूरपुर के मीटिंग हॉल में आज उपमंडल स्तरीय योजना, विकास एवं 20-सूत्रीय कार्यक्रम से संबंधित कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता राज्य योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष एवं फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक भवानी सिंह पठानिया ने की। पूर्व विधायक अजय महाजन भी बैठक में उपस्थित रहे।

बैठक में नूरपुर उपमंडल में विभिन्न विभागों के माध्यम से संचालित विकास योजनाओं, कार्यक्रमों तथा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। इसके साथ ही 20-सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों एवं उपलब्धियों की भी समीक्षा की गई। बैठक के दौरान भवानी सिंह पठानिया ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से उनके विभागों से संबंधित योजनाओं एवं विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से लंबित कार्यों की स्थिति, कार्यों को पूरा करने में आ रही समस्याओं तथा योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा कीl उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जो भी विकास कार्य अथवा जनहित से जुड़े मामले लंबित हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा स्वीकृत योजनाओं का लाभ निर्धारित समयावधि में आम जनता तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में आपसी विभागीय समन्वय को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी कार्य में भूमि, बजट, तकनीकी स्वीकृति, विभागीय अनुमति अथवा अन्य किसी स्तर पर समस्या आ रही है तो संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर उसका शीघ्र समाधान किया जाए। 20-सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों से संबंधित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति से समिति को अवगत करवाया। इस दौरान निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने तथा पात्र लाभार्थियों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि विकास योजनाओं की समीक्षा का उद्देश्य केवल प्रगति की जानकारी लेना नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करना है कि सरकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों का वास्तविक लाभ धरातल पर आम जनता तक पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से अपने-अपने विभागों में चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करने तथा गुणवत्ता के साथ समयबद्ध पूर्णता सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में एसपी नूरपुर इल्मा अफरोज,एसडीएम अरुण शर्मा, खनन अधिकारी सुरेश कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता बलविंद्र सिंह, सहायक अभियंता उमेंद्र सिंह, जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता आनंद बलौरिया, राज्य विद्युत बोर्ड के अधिशाषी अभियंता विकास ठाकुर, आरओ जगजीत चावला सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!