Reading: फतेहपुर की बेटी कृतांजली क्षत्रिय ने पत्रकारिता में हासिल की बड़ी उपलब्धि

फतेहपुर की बेटी कृतांजली क्षत्रिय ने पत्रकारिता में हासिल की बड़ी उपलब्धि

RamParkash Vats
2 Min Read

Zee Bharat में बनीं प्राइम टाइम एंकर, क्षेत्र के युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा

फतेहपुर (कांगड़ा)। फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र के धमेटा समकड़ गांव की बेटी कृतांजली क्षत्रिय ने पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। कृतांजली ने Zee Bharat जैसे प्रमुख समाचार मंच में प्राइम टाइम एंकर के रूप में नई जिम्मेदारी संभाली है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

कृतांजली ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा के बाद दिल्ली पब्लिक स्कूल (DPS), दिल्ली से 12वीं की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने इंद्रप्रस्थ विश्वविद्यालय, दिल्ली से पत्रकारिता में स्नातक की डिग्री हासिल की। पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी शैक्षणिक यात्रा को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने इंडिया टुडे ग्रुप से परास्नातक की पढ़ाई पूरी की।

शिक्षा पूरी करने के बाद कृतांजली ने पत्रकारिता के व्यावहारिक क्षेत्र में कदम रखा। उन्होंने TV9 और PTI जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम करते हुए समाचार लेखन, रिपोर्टिंग और टेलीविजन पत्रकारिता का अनुभव हासिल किया। अब उन्हें Zee Bharat में प्राइम टाइम एंकर के रूप में जिम्मेदारी मिली है।

कृतांजली के पिता करतार सिंह राणा फतेहपुर के खटियाड़ स्कूल में टीजीटी अध्यापक हैं, जबकि उनकी माता मोनिका कुमारी दिल्ली में अध्यापिका हैं। पिता करतार सिंह राणा ने बताया कि कृतांजली को बचपन से ही पत्रकारिता और समाचार जगत में विशेष रुचि रही है। उन्होंने अपनी मेहनत और लगन से इस क्षेत्र में आगे बढ़ने का लक्ष्य बनाया और लगातार प्रयास करती रहीं।

कृतांजली की उपलब्धि को क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर के मीडिया संस्थानों में अपनी पहचान बनाना उनके परिश्रम और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को दर्शाता है। उनकी इस उपलब्धि पर परिवार, रिश्तेदारों और क्षेत्रवासियों ने खुशी जताते हुए उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!