
नूरपुर। पंचायत थोड़ा के गांव चकबन निवासी 19 वर्षीय लतीफ के साथ करीब तीन सप्ताह पहले कथित मारपीट और अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। घटना के बाद से लतीफ और उसका परिवार सदमे में है। परिवार ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को शिकायत भेजकर मामले में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है।
परिवार का आरोप है कि लतीफ को जसूर सब्जी मंडी से उसके ही गुर्जर समुदाय के कुछ लोग कथित तौर पर जबरन अपने साथ ले गए और गांव में एक व्यक्ति के घर ले जाकर उसके सिर के बाल मुंडवाए गए। इसके बाद उसके गले में जूते-चप्पलों की माला डालकर उसके साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
लतीफ ने पुलिस के उच्च अधिकारियों को भेजे पत्र में मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी मांगी है। परिवार का कहना है कि घटना से जुड़े कुछ लोग अभी भी उन्हें कथित तौर पर धमका रहे हैं। परिवार ने पुलिस से मांग की है कि जसूर सब्जी मंडी समेत घटना से जुड़े संभावित स्थानों की सीसीटीवी फुटेज को भी जांच का हिस्सा बनाया जाए, ताकि वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट हो सके।
मामले के जांच अधिकारी अश्विनी कुमार, थाना नूरपुर ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों को जांच में शामिल किया जा चुका है और फिलहाल उन्हें मुचलके पर छोड़ा गया है। उन्होंने बताया कि एक आरोपी के घर से बरामद सामग्री को लैब जांच के लिए भेजा गया है। घटना में कथित तौर पर इस्तेमाल किए गए वाहन को पुलिस ने जब्त किया था, जिसे बाद में अदालत के आदेश पर रिलीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार लैब रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले में चालान तैयार कर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना में शामिल लोगों की भूमिका और आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

