नूरपुर पुलिस की सीआईए टीम ने गुप्त सूचना पर की कार्रवाई, सप्लाई नेटवर्क की जांच जारी

पुलिस जिला नूरपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए विंग की टीम ने छतरोली में कार्रवाई करते हुए 11.81 ग्राम चिट्टा बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामदगी एक सैंट्रो कार से हुई है।
पुलिस जिला नूरपुर के एसपी कार्यालय से जारी प्रेस नोट के अनुसार, 27 सितंबर 2026 को सीआईए टीम गश्त पर थी। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक सैंट्रो कार में दो व्यक्ति चिट्टा लेकर छतरोली क्षेत्र में मौजूद हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में एनएच-154 स्थित बाबा दत्ता मल शोरूम, छतरोली के पास संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।
पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान कार में अंकुश की सीट के अंदर छिपाकर रखा गया काले रंग का पॉलीथिन लिफाफा बरामद हुआ। लिफाफे में हल्के भूरे रंग का पदार्थ पाया गया। ड्रग डिटेक्शन किट से जांच करने पर पदार्थ में चिट्टा होने के सकारात्मक संकेत मिले। इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसकी मात्रा 11.81 ग्राम पाई गई।

पुलिस ने बरामद कथित मादक पदार्थ और सैंट्रो कार नंबर HP-21A-3525 को नियमानुसार कब्जे में ले लिया। मामले में संदीप कुमार उर्फ सैंडी (36) पुत्र स्वर्गीय राज कुमार, निवासी गांव बासा, जिला कांगड़ा और अंकुश (32) पुत्र स्वर्गीय शेर सिंह, निवासी नगरोटा सूरियां, जिला कांगड़ा को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस थाना नूरपुर में इस संबंध में एफआईआर संख्या 245/2026, दिनांक 27 सितंबर 2026, के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक मामले की आगामी जांच जारी है। जांच के दौरान कथित मादक पदार्थ की आपूर्ति से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि मादक पदार्थ कहां से आया और इसकी आगे आपूर्ति कहां की जानी थी।
बरामदगी: 11.81 ग्राम चिट्टा और सैंट्रो कार नंबर HP-21A-3525।

