राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में एनएसएस, एंटी ड्रग्स व रोड सेफ्टी कमेटी ने आयोजित किया जागरूकता कार्यक्रम,विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की दी जानकारी।
आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, खेल और रचनात्मक गतिविधियों में ऊर्जा लगाने का किया आह्वान।

नूरपुर। राजकीय आर्य महाविद्यालय नूरपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), एंटी ड्रग्स कमेटी एवं रोड सेफ्टी कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के सहयोग से ‘नशा मुक्त भारत’ विषय पर जागरूकता व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कॉलेज की कार्यकारी प्राचार्या डॉ. अंजना गौतम ने की।
कार्यक्रम में आइडिया ऑफ भारत फाउंडेशन के अध्यक्ष राहुल शर्मा ने मुख्य वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने नशे के दुष्प्रभावों तथा इससे उत्पन्न होने वाली स्वास्थ्य और सामाजिक समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता, बल्कि इसका असर परिवार और पूरे समाज पर भी पड़ता है।
राहुल शर्मा ने युवाओं से नशे से दूर रहने तथा अपनी ऊर्जा को शिक्षा, खेल, रचनात्मक गतिविधियों और समाजसेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को नशे के प्रति सतर्क रहने के साथ-साथ नशे की समस्या से जूझ रहे लोगों के प्रति संवेदनशील व्यवहार अपनाने और आवश्यकता पड़ने पर उचित सहायता लेने के लिए भी प्रेरित किया।
जागरूकता व्याख्यान के दौरान विद्यार्थियों और एनएसएस स्वयंसेवकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता पैदा करना और उन्हें स्वस्थ, जिम्मेदार एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित विद्यार्थियों, स्वयंसेवकों एवं अन्य प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने तथा नशा मुक्त भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर प्रोफेसर मंजीत, डॉ. अनिल कुमार, प्रोफेसर सुरजीत सिंह, डॉ. भारती सहित महाविद्यालय के अन्य शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

