
नूरपुर से विनय महाजन:नूरपुर प्रदेश मे शिक्षा के क्षेत्र में आधुनिक तकनीक को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से केनरा बैंक की नूरपुर शाखा ने डीएवी स्कूल बागनी को एक एलईडी पैनल भेंट किया। बैंक की इस पहल से स्कूल के विद्यार्थियों को शिक्षण कार्य में आधुनिक डिजिटल सुविधाओं का लाभ मिलेगा और पढ़ाई को अधिक रोचक एवं प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
यह सराहनीय पहल केनरा बैंक के क्षेत्रीय प्रबंधक शिमला रविकांत बर्मन तथा मंडल प्रबंधक शिमला प्रतीक सिंह के सहयोग एवं मार्गदर्शन में संपन्न हुई। इस अवसर पर केनरा बैंक नूरपुर की प्रबंधक नम्रता देवी विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उनकी उपस्थिति में बैंक की ओर से एलईडी पैनल स्कूल प्रबंधन को सौंपा गया।इस मौके पर स्कूल के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ सदस्यों ने केनरा बैंक के अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि एलईडी पैनल विद्यार्थियों की पढ़ाई को और अधिक सुविधाजनक बनाने में सहायक सिद्ध होगा। डिजिटल माध्यम से पढ़ाई करवाने में भी इससे विशेष मदद मिलेगी। उन्होंने बैंक की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में सामाजिक जिम्मेदारी निभाने वाली ऐसी संस्थाओं का योगदान सराहनीय है।केनरा बैंक की इस पहल को शिक्षा के आधुनिकीकरण और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक सकारात्मक कदम माना जा रहा है।

