संगड़ाह, 20 सितंबर। संगड़ाह के अंतर्गत आने वाली भलाड़-भलौना पंचायत के गांव चूईनाधार में एक घर में घुसे खूंखार तेंदुए को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।

वन परिक्षेत्र अधिकारी संगड़ाह सत्य प्रकाश शर्मा ने बताया कि चूईनाधार गांव के सेवानिवृत्त शिक्षक मीना राम के घर में तेंदुआ घुसने की सूचना मिलते ही उनकी टीम घटनास्थल पर पहुंच गई थी और शनिवार देर सायं उसे साथ लगते जंगल में उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

जानकारी के अनुसार ट्रेंकुलाइजर व शार्प शूटर बाहर से मंगवाए जाने के चलते विभाग को ऑपरेशन में करीब 36 घंटे का समय लग गया। बताया जा रहा है कि घर की पहली मंजिल में बने एक कमरे में कुत्ते का शिकार करने के लिए घुसा तेंदुआ, कुत्ते से झड़प के दौरान दरवाजा बंद होने से अंदर ही फंस गया। परिवार वालों को जब घटना का पता चला तो उन्होंने दरवाजा बाहर से अच्छे से बंद कर वन विभाग को सूचना दी।
RO संगड़ाह सत्य प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में हुए इस रेस्क्यू ऑपरेशन में वन विभाग के शार्प शूटर मोहित, स्थानीय वेटरनरी डॉक्टर अक्षय व डॉ संजय तथा वनकर्मी सतपाल, रविंद्र, मुकेश व ट्विंकल आदि शामिल रहे।

