मशीनों, उपकरणों एवं तकनीकी संसाधनों का विधिवत पूजन, विद्यार्थियों को दिया श्रम और कौशल का संदेश

महमूदाबाद, सीतापुर। राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
सेठ रामगुलाम मुनेश्वर प्रसाद आईटीआई, महमूदाबाद में भगवान विश्वकर्मा पूजा का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर संस्थान परिसर में भगवान विश्वकर्मा जी की विधिवत पूजा-अर्चना की गई। सेठ रामगुलाम पटेल मेमोरियल ट्रस्ट के उपाध्यक्ष नरेश चंद्रा ने पूजन-अर्चन कर संस्थान में स्थापित मशीनों, उपकरणों और अन्य तकनीकी संसाधनों का भी विधिवत पूजन किया।विश्वकर्मा पूजा के अवसर पर संस्थान के सीनियर सुपरवाइजर आर.बी. गुप्ता, प्रभारी शुभम कुमार, समस्त अनुदेशक, कर्मचारी और प्रशिक्षुओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूजा-अर्चना के दौरान आईटीआई परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।
इस अवसर पर सेठ रामगुलाम पटेल ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के डायरेक्टर इंजीनियर क्षितिज चंद्रा ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण, तकनीकी दक्षता और शिल्पकला के प्रतीक माने जाते हैं। तकनीकी शिक्षण संस्थानों में विश्वकर्मा पूजा का विशेष महत्व है, क्योंकि यह विद्यार्थियों को श्रम, कौशल, अनुशासन, नवाचार और कार्य के प्रति सम्मान की प्रेरणा देती है।उन्होंने कहा कि तकनीकी शिक्षा प्राप्त कर रहे विद्यार्थियों के लिए मशीनों और उपकरणों का सम्मान करना उनके कार्य-कौशल और जिम्मेदारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है। विश्वकर्मा पूजा केवल धार्मिक आस्था का पर्व ही नहीं, बल्कि मेहनत, तकनीकी ज्ञान और रचनात्मकता के महत्व को समझने का अवसर भी प्रदान करती है।

उन्होंने विद्यार्थियों से अपने कौशल को निरंतर विकसित करने तथा तकनीकी ज्ञान का उपयोग समाज और राष्ट्र के विकास में करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कुशल और प्रशिक्षित युवा देश की औद्योगिक एवं तकनीकी प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित श्रद्धालुओं, विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अन्य लोगों को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान सभी को भगवान विश्वकर्मा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

