नंदनी, स्तुति और मानवी की टीम रही उपविजेता, नंदनी का राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन
फतेहपुर। जिला स्तरीय बैडमिंटन टूर्नामेंट में ब्लॉक फतेहपुर के रैहन गर्ल्स स्कूल की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में स्कूल की छात्राओं नंदनी, स्तुति तथा मानवी ने बेहतरीन खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए उपविजेता का खिताब हासिल किया।

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर छात्रा नंदनी का चयन राज्य स्तरीय बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए हुआ है। नंदनी के चयन से विद्यालय में खुशी का माहौल है।
स्कूल के बैडमिंटन कोच अंकुश गर्ग ने खिलाड़ियों की उपलब्धि की जानकारी देते हुए बताया कि छात्राओं ने प्रतियोगिता के दौरान शानदार खेल भावना, अनुशासन और मेहनत का परिचय दिया। उन्होंने खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि निरंतर अभ्यास और मेहनत से वे आगामी प्रतियोगिताओं में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगी।
प्रतियोगिता से लौटने पर जब खिलाड़ी स्कूल पहुंचीं तो स्कूल प्रबंधन, अध्यापकों तथा विद्यार्थियों ने उनका भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर छात्राओं की उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उन्हें बधाई दी गई तथा नंदनी को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होने पर विशेष रूप से शुभकामनाएं दी गईं।विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि छात्राओं की यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।

