Reading: पुलिस जिला नूरपुर में पुलिस चौकी कोटला का पुलिस थाना के रूप में स्तरोन्नयन एवं शुभारंभ

पुलिस जिला नूरपुर में पुलिस चौकी कोटला का पुलिस थाना के रूप में स्तरोन्नयन एवं शुभारंभ

RamParkash Vats
4 Min Read

न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन

पुलिस जिला नूरपुर में आमजन को बेहतर, सुलभ एवं त्वरित पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए पुलिस चौकी कोटला को पुलिस थाना के रूप में स्तरोन्नत कर विधिवत शुभारंभ आज कोटला मे माननीय प्रो. चन्द्र कुमार, कृषि एवं पशुपालन मंत्री, हिमाचल प्रदेश द्वारा किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक इल्मा अफ़रोज़ व जिला नूरपुर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डी सी वर्मा व पुलिस जिला नूरपुर के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी तथा पुलिस थाना कोटला के क्षेत्राधिकार के अंतर्गत आने वाले जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह जानकारी एडिशनल एसपी डीसी वर्मा नूरपुर ने देते हुए बताया कि कोटला में वर्ष 1997 से पुलिस चौकी संचालित की जा रही थी। क्षेत्र की बढ़ती आवश्यकताओं एवं आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से अब इस पुलिस चौकी को पुलिस थाना कोटला के रूप में स्तरोन्नत किया गया है।

पुलिस थाना कोटला के क्षेत्राधिकार में 15 ग्राम पंचायतें शामिल की गई हैं, जिनमें बालाह कोटला, सोलधा, न्यांगल, त्रिलोकपुर, भाली, जोल, सियूनी, जांगल, कुठेर, नधोली, डोल (भटेहड़), पदर, रजोल, कोठी बण्डा एवं बेही पठियार शामिल हैं।पुलिस थाना के रूप में स्तरोन्नयन से इन क्षेत्रों में पुलिस की उपस्थिति एवं पहुंच और अधिक प्रभावी होगी तथा अपराधों की रोकथाम, कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शिकायतों के त्वरित निवारण एवं पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने की व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

शुभारंभ समारोह के दौरान माननीय मंत्री महोदय द्वारा सी सी टी एन एस के ऑनलाइन सर्वर पर पुलिस थाना कोटला की पहली डेली डायरी एंट्री दर्ज कर सी सी टी एन एस प्रणाली का विधिवत शुभारंभ किया गया।इसके साथ ही पुलिस थाना कोटला की ऑनलाइन पुलिसिंग व्यवस्था का औपचारिक रूप से आगाज हुआ।सी सी टी एन एस के माध्यम से पुलिस थाना स्तर पर विभिन्न पुलिस प्रक्रियाओं एवं अभिलेखों को डिजिटल प्रणाली से जोड़ने में सहायता मिलेगी तथा पुलिस सेवाओं को अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम है।पुलिस थाना कोटला के अस्तित्व में आने से क्षेत्र में पुलिस की प्रभावी गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने, अपराधों की रोकथाम एवं जांच को अधिक प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों में त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में सहायता मिलेगी। साथ ही क्षेत्रवासियों को पुलिस संबंधी सेवाओं एवं शिकायतों के निवारण के लिए अधिक सुगम एवं स्थानीय स्तर पर पुलिस व्यवस्था उपलब्ध होगी।

पुलिस जिला नूरपुर आमजन की सुरक्षा, सुविधा एवं त्वरित पुलिस सहायता सुनिश्चित करने के लिए पूर्ण प्रतिबद्ध है। पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए क्षेत्र में सुरक्षित एवं विश्वासपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रभावी कार्रवाई एवं प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस थाना कोटला का स्तरोन्नयन क्षेत्र में आधुनिक, सुलभ एवं प्रभावी पुलिसिंग को और मजबूत करने के साथ-साथ आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!