नूरपुर प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के कल्याण और उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ के तहत इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। जे.जे. पैलेस कोठी में आयोजित कार्यक्रम में विधायक मलेंद्र राजन ने चयनित बीपीएल परिवारों से सीधा संवाद किया तथा उनकी समस्याओं, आवश्यकताओं एवं सुझावों को जाना। कार्यक्रम में क्षेत्र की विभिन्न पंचायतों से चयनित परिवारों ने भाग लिया।
न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन

विधायक मलेंद्र राजन ने बताया कि इंदौरा विधानसभा क्षेत्र में फेस-1 से फेस-8 तक किए गए सर्वे के तहत 1300 से अधिक परिवारों को बीपीएल श्रेणी के लिए चिन्हित किया गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई पात्र एवं जरूरतमंद परिवार किसी कारणवश अब तक इस सूची में शामिल होने से छूट गया है, तो उसे अंतिम फेस के सर्वे में शामिल करने का प्रयास किया जाएगा, ताकि कोई भी पात्र परिवार सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
विधायक मलेंद्र राजन ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सोच है कि सरकार की योजनाओं का लाभ केवल कागजों तक सीमित न रहे, बल्कि प्रत्येक पात्र एवं जरूरतमंद परिवार तक पहुंचे। इसी उद्देश्य से बीपीएल परिवारों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर उनकी वास्तविक समस्याओं को समझने और उनका समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्गों के कल्याण के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। सरकार द्वारा शुरू की जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य पात्र परिवारों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

मलेंद्र राजन ने कहा कि संवाद कार्यक्रम के दौरान सामने आने वाली समस्याओं एवं आवश्यकताओं को संबंधित विभागों के अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से भी आग्रह किया कि पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में किसी प्रकार की कठिनाई न हो और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि जनता से सीधा संवाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की सरकार की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे सरकार को जमीनी स्तर पर लोगों की आवश्यकताओं को समझने और उसी के अनुरूप नीतियां एवं योजनाएं लागू करने में मदद मिल रही है।कार्यक्रम में संबंधित पंचायतों के प्रतिनिधियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चयनित बीपीएल परिवार उपस्थित रहे। विधायक ने सभी पात्र परिवारों से सरकार की कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

