न्यूज इंडिया आजतक संसदीय क्षेत्र कांगड़ा -चंम्बा चीफ ब्यूरो विनय महाजन
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सक्रियता बढ़ाते हुए विधायक रणबीर सिंह निक्का ने ग्राम पंचायत ममूह गुरचाल के गांव सनोह और सुवाली का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया।

विधायक का यह दौरा महज समस्याओं की जानकारी लेने तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसे क्षेत्र में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने और जनता से सीधा जुड़ाव बढ़ाने की कवायद के रूप में भी देखा जा रहा है।दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, विकास कार्यों तथा अन्य स्थानीय समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। निक्का ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके पर विभिन्न विकास कार्यों का जायजा भी लिया।

विधायक रणबीर सिंह निक्का ने कहा कि जनप्रतिनिधि का वास्तविक दायित्व केवल कार्यालय में बैठकर लोगों की समस्याएं सुनना नहीं, बल्कि गांव-गांव पहुंचकर जनता की वास्तविक परिस्थितियों को समझना और समाधान के लिए प्रशासन के समक्ष प्रभावी ढंग से मुद्दे उठाना है। उन्होंने कहा कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता उनके लिए परिवार के समान है और प्रत्येक गांव का समान विकास उनकी प्राथमिकता है।
राजनीतिक नजरिए से देखें तो निक्का का लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से संवाद करना उनकी जमीनी राजनीति को मजबूत करने की रणनीति का हिस्सा माना जा सकता है। हिमाचल की राजनीति में ग्रामीण मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है और ऐसे में गांवों में सीधा संपर्क किसी भी जनप्रतिनिधि के लिए राजनीतिक आधार मजबूत करने का अहम माध्यम बनता है।निक्का ने कहा कि जनता के सुख-दुःख में साथ खड़ा रहना और विकास की जरूरतों को सरकार तथा प्रशासन तक पहुंचाना ही उनकी जनसेवा का संकल्प है। दौरे के दौरान क्षेत्र के सदस्य और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

