Reading: विधायक नहीं बने, फिर भी जनता के बीच सक्रिय अजय महाजन; तलेटा में सुनीं समस्याएं, 63 केवी ट्रांसफार्मर का किया लोकार्पण

विधायक नहीं बने, फिर भी जनता के बीच सक्रिय अजय महाजन; तलेटा में सुनीं समस्याएं, 63 केवी ट्रांसफार्मर का किया लोकार्पण

RamParkash Vats
3 Min Read

संसदीय क्षेत्र कांगड़ा-चंबा | चीफ ब्यूरो — विनय महाजन | दिनांक: 31 अगस्त 2026

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आते जा रहे हैं, वैसे-वैसे संभावित दावेदारों की राजनीतिक सक्रियता भी क्षेत्र में बढ़ती नजर आ रही है। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व कांग्रेस विधायक अजय महाजन लगातार जनता के बीच पहुंचकर स्थानीय समस्याओं को सुनने और उनके समाधान के लिए प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं।इसी कड़ी में अजय महाजन ने गांव तलेटा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित समस्याओं को सरकार के समक्ष उठाकर समाधान करवाने का आश्वासन दिया।

दौरे के दौरान महाजन ने गांव में लो वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए विद्युत विभाग की ओर से स्थापित किए गए 63 केवी विद्युत ट्रांसफार्मर का लोकार्पण भी किया। उन्होंने कहा कि नए ट्रांसफार्मर के स्थापित होने से ग्रामीणों को लंबे समय से चली आ रही लो वोल्टेज की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।अजय महाजन ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू का ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाने के लिए आभार जताते हुए कहा कि भले ही वह वर्तमान में विधायक नहीं हैं, लेकिन जनप्रतिनिधि के रूप में क्षेत्र के लोगों के प्रति अपनी जिम्मेदारी से पीछे नहीं हटे हैं। उन्होंने कहा कि वह जनता की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए अपने स्तर पर लगातार प्रयास करते रहेंगे।

राजनीतिक दृष्टि से भी महाजन की क्षेत्र में बढ़ती सक्रियता को आगामी विधानसभा चुनावों से जोड़कर देखा जा रहा है। चुनावी माहौल बनने के साथ ही विभिन्न राजनीतिक दलों और संभावित उम्मीदवारों का ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क बढ़ने लगा है। ऐसे में जनता के बीच जाकर समस्याएं सुनना और विकास कार्यों से जुड़ना राजनीतिक रूप से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।इस अवसर पर महाजन ने गांव के दिवंगत पूर्व सैनिक की स्मृति में पौधारोपण कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में गांव के गणमान्य लोगों सहित स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!