
महमूदाबाद/सीतापुर।राज्य चीफ ब्यूरो अनुज कुमार जैन
सामान्य वर्ग की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर सवर्ण आर्मी की ओर से राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन महमूदाबाद के उपजिलाधिकारी के माध्यम से सौंपा गया। ज्ञापन में जातिगत आधार पर आरक्षण व्यवस्था समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने समेत कई मांगें उठाई गई हैं।

ज्ञापन में कहा गया है कि देश आजाद होने के बाद से आरक्षण व्यवस्था जाति के आधार पर चली आ रही है। संगठन का कहना है कि सामान्य वर्ग में भी बड़ी संख्या में लोग गरीबी और बदहाली की स्थिति में जीवन यापन कर रहे हैं। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर सामान्य वर्ग के लोगों को भी सरकारी व्यवस्थाओं में उचित अवसर मिलना चाहिए।ज्ञापन के माध्यम से जातिगत आरक्षण समाप्त कर आर्थिक आधार पर आरक्षण लागू करने की मांग की गई है। साथ ही एससी/एसटी एक्ट को समाप्त करने अथवा उसमें आवश्यक सुधार किए जाने, यूजीसी रेगुलेशन एक्ट 2026 को वापस लेने तथा राष्ट्रीय सवर्ण आयोग का गठन करने की मांग भी उठाई गई।

संगठन ने अपने ज्ञापन में आरोप लगाया कि एससी/एसटी एक्ट का उपयोग कई मामलों में धन उगाही के उद्देश्य से किया जा रहा है। संगठन ने इस व्यवस्था में सुधार अथवा इसे समाप्त किए जाने की मांग की है।ज्ञापन में यह भी कहा गया कि सामान्य वर्ग के हितों और समस्याओं के समाधान के लिए एक राष्ट्रीय सवर्ण आयोग का गठन किया जाना चाहिए, जिससे सामान्य वर्ग से जुड़े मुद्दों को उचित मंच मिल सके।ज्ञापन के अंत में संगठन ने राष्ट्रपति से मांगों पर संज्ञान लेकर उचित कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करने की अपील की। ज्ञापन पर सवर्ण आर्मी के प्रदेश सचिव अमित मिश्रा का नाम दर्ज है।

