Reading: रसोइयों का मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार, 5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा

रसोइयों का मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार, 5 लाख तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा

RamParkash Vats
2 Min Read

रसोईया सम्मान समारोह में चार रसोइयों को वितरित किए गए कैशलेस चिकित्सा कार्ड

महमूदाबाद, सीतापुर: तहसील सभागार महमूदाबाद में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत रसोईया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक श्रीमती आशा मौर्या मौजूद रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता एवं संचालन खंड शिक्षा अधिकारी व कार्यक्रम प्रभारी सतीश कुमार मिश्रा के निर्देशन में किया गया।

समारोह में नायब तहसीलदार राज बहादुर, शिक्षक संघ के अध्यक्ष संदीप वर्मा, महामंत्री पुनीत वर्मा, एआरपी नरेंद्र सिंह यादव, राहुल वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में रसोइया उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान गीता देवी, शांति देवी, वैजयंती देवी और अशोक कुमार को कैशलेस चिकित्सा कार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री के लाइव प्रसारण के माध्यम से रसोइयों के हित में चार महत्वपूर्ण योजनाओं की शुरुआत की गई। इसके तहत रसोइयों का मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह किया गया है। इसके साथ ही सामाजिक सुरक्षा के तहत 2 लाख रुपये का दुर्घटना बीमा, 5 लाख रुपये तक वार्षिक कैशलेस चिकित्सा सुविधा तथा परिधान के लिए दी जाने वाली धनराशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1,000 रुपये किए जाने की घोषणा की गई।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि सरकार की इन योजनाओं से पीएम पोषण योजना के तहत कार्यरत रसोइयों को आर्थिक एवं सामाजिक सुरक्षा मिलेगी और उनके परिवारों को भी इसका लाभ प्राप्त होगा। समारोह के अंत में उपस्थित रसोइयों का सम्मान करते हुए उनके योगदान की सराहना की गई।

Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!