ज्वाली विधानसभा क्षेत्र की पूर्व जिला भाजपा उपाध्यक्ष मुलख राज चौधरी ने प्रसिद्ध धार्मिक स्थल मंदिर शिब्बो थान भरमाड़ में आयोजित मेले के अवसर पर बाबा शिब्बो थान के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद प्राप्त किया।

धार्मिक आस्था से ओत-प्रोत इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।मंदिर में पूजा-अर्चना के उपरांत मुलख राज चौधरी ने अपने समर्थकों सहित मेले का भ्रमण किया और श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों तथा दुकानदारों से मुलाकात कर मेले की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की देवभूमि में धार्मिक मेले केवल परंपराओं का हिस्सा नहीं हैं, बल्कि यह हमारी संस्कृति, आस्था और सामाजिक एकता के प्रतीक भी हैं।प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि बाबा शिब्बो थान मंदिर में समय के साथ विकास कार्यों को गति मिली है। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को बेहतर सुविधाएं मिल रही हैं।
उन्होंने मेले के सफल आयोजन के लिए मंदिर प्रबंधन समिति, स्थानीय लोगों और प्रशासन की सराहना करते हुए कहा कि मेलों के दौरान प्रशासन की सक्रियता और व्यवस्थाएं लाजवाब रही हैं। श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वच्छता और सुविधा के लिए किए गए प्रयास सराहनीय हैं।उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों का विकास हमारी संस्कृति और विरासत को मजबूत करता है। बाबा शिब्बो थान की कृपा से क्षेत्र में सुख, शांति और समृद्धि बनी रहे, यही सभी की मंगल कामना है।

